News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Karnataka : अमित शाह बोले- कांग्रेस कर्नाटक की सत्ता में आई तो वापस ले लेगी आरक्षण..


बेंगलुरु, । केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कर्नाटक के तुमकुरु जिले के गुब्बी में एक रोड शो के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के किए गए कार्यों को याद किया और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर कांग्रेस लिंगायत और दलित समुदायों को बढ़ाए गए आरक्षण को वापस ले लेगी।

”कांग्रेस मुस्लिम आरक्षण वापस लाएगी”

अमित शाह ने कहा, ”येदियुरप्पा ने कर्नाटक के लिए बहुत काम किया है। हमने 4% मुस्लिम आरक्षण को समाप्त करके लिंगायत और दलित समुदायों का आरक्षण बढ़ाया है। अगर कांग्रेस सत्ता में आती है, तो वह इन सभी आरक्षणों को वापस ले लेगी और मुस्लिम आरक्षण वापस लाएगी।”

राहुल गांधी ने भाजपा पर साधा निशाना

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी तुमकुरु में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में कर्नाटक की जनता ने भाजपा को नहीं चुना था। भाजपा ने विधायकों को पैसा देकर लोकतंत्र को नष्ट करके कर्नाटक में सरकार चोरी की थी।

‘भाजपा ने कर्नाटक में केवल भ्रष्टाचार किया’

राहुल ने कहा कि पिछले 3 सालों से भाजपा ने कर्नाटक में केवल भ्रष्टाचार किया है। कर्नाटक की जनता ने भाजपा सरकार को 40 प्रतिशत की सरकार कहा है, मतलब जो भी ये काम करते हैं, उसमें ये जनता से 40 प्रतिशत कमीशन चोरी करते हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी के बाद 55-60 वर्षों तक देश में शासन करने वाले लोगों ने जो विकास का कार्य नहीं किया वो कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मात्र 9 वर्ष में पूरा करके दिखाया है।