News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ वाराणसी

UP Election 2022 : वाराणसी में तीन मंत्रियों समेत विभिन्न दलों से नौ प्रत्याशियों ने किया नामांकन


वाराणसी, विधानसभा चुनाव के सातवें चरण के लिए चुनाव के लिए बनारस में नामांकन के तीसरे दिन तीन मंत्रियों समेत नौ लोगों ने नामांकन किए। इसमें भारतीय जनता पार्टी से सर्वाधिक पांच नामांकन किए गए। इसमें शहर दक्षिणी से मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी, शहर उत्तरी से मंत्री रवींद्र जायसवाल, शिवपुर से मंत्री अनिल राजभर, कैंट से सौरभ श्रीवास्तव व पिंडरा से डा. अवधेश सिंह ने पर्चा भरा। भाजपा ने अब तक छह सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं। इसमें अजगरा से प्रत्याशी टी राम अगले दो दिनों में नामांकन करेंगे। वहीं माना जा रहा है कि शेष दो सीटें गठबंधन सहयोगी अपना दल के खाते में जा सकती हैं।

समाजवादी पार्टी की ओर से शहर दक्षिणी प्रत्याशी कामेश्वरनाथ दीक्षित किशन दीक्षित और शिवपुर से सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के पुत्र अरविंद राजभर ने पर्चा दाखिल किया। सपा ने जिले की आठ में से दो सीटें शिवपुर व अजगरा सुभासपा को तो रोहनिया व पिंडरा अपना दल (कमेरावादी) को दी है। इनमें से सिर्फ अजगरा पर प्रत्याशी घोषित नहीं है। वहीं सपा ने अभी शहर उत्तरी व कैंट से प्रत्याशियों के नाम नहीं खोले हैं।

इसके अलावा कांग्रेस से पूर्व विधायक अजय राय ने पिंडरा से नामांकन किया। कांग्रेस की ओर से जिले की आठों सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं। आम आदमी ने शहर की उत्तरी-दक्षिणी व रोहनिया -पिंडरा सीट से प्रत्याशी घोषित किए हैं। इनमें शहर उत्तरी के डा. आशीष जायसवाल ने नामांकन किया।

भारतीय जनता पार्टी

-डा. नीलकंठ तिवारी, सीटिंग विधायक, मंत्री (शहर दक्षिणी)

-रवींद्र जायसवाल, सीटिंग विधायक, मंत्री (शहर उत्तरी)

-अनिल राजभर, सीटिंग विधायक, मंत्री (शिवपुर)

-सौरभ श्रीवास्तव, सीटिंग विधायक (कैंट)

-डा. अवधेश सिंह, सीटिंग विधायक (पिंडरा)

समाजवादी पार्टी

-कामेश्वरनाथ दीक्षित किशन (शहर उत्तरी)

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी

-अरविंद राजभर पुत्र-ओमप्रकाश राजभर (शिवपुर)

कांग्रेस

-अजय राय, पूर्व विधायक (पिंडरा)

आम आदमी पार्टी

-डा. आशीष जायसवाल (शहर उत्तरी)

वाराणसी में लगा जाम : सुबह से ही नामांकन के लिए उमड़ रहे प्रत्‍याशियों के समर्थन में उमड़े लोगों का हुजूम मार्ग जाम की वजह बना। सुबह से विभिन्‍न दलों के नेताओं की यात्रा घर से मंदिर और कचहरी तक होने के बीच रास्‍ते भर समर्थकों का उत्‍साह जाम का कारण बना रहा और लोग जाम में फंसकर देरी से गंतव्‍य को पहुंच सके।