Latest News उत्तराखण्ड राष्ट्रीय

Uttarakhand : मतदाता खामोश, राजनीतिक दल हैरान, अब क्या रंग लाएगा मतदान


हरादून। Uttarakhand Vidhan Sabha Election 2022 पिछले दो वर्ष से वैश्विक महामारी कोरोना का साया और इस कारण चुनाव प्रचार अभियान की फीकी रंगत, मगर इसके बावजूद उत्साहजनक मतदान प्रतिशत ने राजनीतिक दलों को चकित किया है। इस चुनाव में लगभग 65.10 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल किया। हालांकि निर्वाचन आयोग के मुताबिक पोलिंग पार्टियों के अभिलेखों के मिलान के बाद इसमें कुछ परिवर्तन हो सकता है। उत्तराखंड के अलग राज्य बनने के बाद हुए पहले तीन विधानसभा चुनावों में मतदान प्रतिशत में लगातार वृद्धि हुई, जबकि वर्ष 2017 के चौथे विधानसभा चुनाव में इसमें एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई थी। मतदाता के दिल में क्या है, इसे भांप पाने में अंत तक राजनीतिक दल सफल नहीं हुए। बदली परिस्थितियों में 65 प्रतिशत से अधिक मतदान को लेकर राजनीतिक विश्लेषक व दल अलग-अलग आकलन कर रहे हैं।

पांच साल की सरकार की एंटी इनकंबेंसी को लेकर सतर्क भाजपा को इस चुनाव में भी मोदी मैजिक का पूरा भरोसा रहा और अब जिस तरह मतदाता खासी संख्या में घरों से निकल मतदान को पहुंचे, उसने भाजपा को राहत दी है। यह बात अलग है कि कांग्रेस भी इसे सत्ता में बदलाव के संकेत के रूप में परिभाषित करते हुए अपने पक्ष में बता रही है। अब भाजपा का विश्वास कायम रहता है या फिर कांग्रेस का दावा सच साबित होगा, यह 10 मार्च को मतगणना के बाद सामने आ जाएगा।

मोदी मैजिक और विकास पर विश्वास

इस चुनाव में मोदी मैजिक के साथ ही भाजपा को विकास के नाम पर जनादेश मिलने का भरोसा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जादू उत्तराखंड में हर बार चला है। मोदी के राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश के बाद भाजपा पिछले आठ वर्षों से उत्तराखंड में अविजित है। वर्ष 2014 व 2019 के लोकसभा चुनाव में सभी पांचों सीटों पर परचम फहराने के अलावा वर्ष 2017 के पिछले विधानसभा चुनाव में 70 में से 57 सीटों पर जीत इसे प्रमाणित करती है। भाजपा ने पिछली बार की तरह यह चुनाव भी डबल इंजन के स्लोगन के साथ लड़ा। दरअसल, पिछले पांच वर्षों में केंद्र व राज्य में भाजपा की ही सरकार रहने से उत्तराखंड को केंद्र से एक लाख करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली, जिन पर काम चल रहा है।