मुख्य सामग्री पर जाएँ
ब्रेकिंग
बुधवार, 04 नवम्बर 2026
आज हिन्दी दैनिक

विराटके दमपर भारतकी जीतसे शुरुआत

लेखक: AJVARANASI · · 28 बार पढ़ा गया
साझा करें: WhatsApp Facebook X
विराटके दमपर भारतकी जीतसे शुरुआत

आकलैण्ड (एजेन्सियां)। अर्शदीप सिंह (४-७०), गुरनूर बराड़ (३-४४) और प्लेयर ऑफ द मैच अंशुल कंबोज (२-२२) की घातक गेंदबाजीके बाद चेज मास्टर विराट कोहली (७४) की शानदार अद्र्धशतकीय पारी और उनकी कप्तान शुभमन गिल (३७) के साथ दूसरे विकेटके लिए १०४ गेंद में की गयी ११३ रन की साझेदारी के दमपर भारत ने बुधवार को यहां बारिश से प्रभावित पहले एकदिवनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में न्यूजीलैण्ड को डकवर्थ लुईस पद्वति से पांच विकेट से हराकर पांच मैचों की शृंखला में १-० की बढ़त हासिल की। दूसरा मुकाबला सात नवम्बर को वेलिंगटन में खेला जायेगा। न्यूजीलैण्ड को ४०.२ ओवर में में १८५ रन पर समेटनेके बाद भारतने २२.४ ओवरमें पांच विकेट पर १४३ रन बना लिए। १८६ रनों के जवाब में भारत की शुरुआत भी खराब रही। रोहित शर्मा (शून्य) मैच की छठी गेंद पर आउट हो गये। रोहित ने काइल जैमीसन की आफ स्टंप से बाहर जा रही गेंद पर ड्राइव करने के प्रयास में मिड आफ पर खड़े मिचेल सैंटनर को कैच थमा दिया लेकिन इसके बाद कप्तान शुभमन गिल और विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की। इसबीच मैच दो बार बारिशके कारण रोकना पड़ा। पहली बार १०.५ ओवर के बाद मैच रोका गया तो भारतका स्कोर एक विकेट पर ५४ रन था। इसके बाद जब बारिश रुकी और मैच ४० ओवर का कर दिया गया और संशोधित लक्ष्य १६७ रन का किया गया। हालांकि, कुछ गेंदों के बाद फिर बारिश शुरू हो गयी और मैच रोकना पड़ा। बारिश जब रुकी तो एक बार फिर लक्ष्य को संशोधित किया गया। फिर भारत के सामने ३२ ओवर में १४३ रन का लक्ष्य था। हालांकि भारत ने २२.४ ओवर में लक्ष्य हासिल किया लेकिन इसके लिए पांच विकेट गंवाये। गिल और कोहली ने दूसरे विकेट के लिए ११३ रन की साझेदारी की। इसी स्कोर पर गिल ५६ गेंद में पांच चौके की मदद से ३७ रन बनाकर आउट हुए। कोहली ने ३५ गेंद में एकदिनी करियर का ८०वां अद्र्धशतक लगाया। वह ५१ गेंद में १३ चौके और एक छक्के की मदद से ७४ रन बनाकर आउट हुए। कोहली के आउट होते ही दो और विकेट गिरे। अक्षर खाता खोले बिना पवेलियन लौटे जबकि श्रेयस १५ रन बना सके। मगर इसके बाद केएल राहुल (तीन) और नमन धीर (पांच) ने भारत को जीत दिला दी। भारतीय बल्लेबाजों विशेषकर कोहली ने दो बार व्यवधान के बावजूद अपनी एकाग्रता भंग नहीं होने दी और सहजता से रन बटोरे। कोहली शुरू से आक्रामक होकर खेल रहे थे और उन्होंने चौकों की झड़ी लगाने में कोताही नहीं बरती। अब केवल एकदिनी प्रारूप में खेलने वाले कोहली ने ब्लेयर टिकनर की गेंद पर छक्का लगाया और इसी गेंदबाज के अगले ओवर में चौका लगाकर ३५ गेंद पर अपना अद्र्धशतक पूरा किया। उन्होंने इस ओवर में दो और चौके लगाये। गिल ने हालांकि नाथन स्मिथ की तेजी से उठती गेंद पर टाम लैथम को हवा में लहराता कैच दे दिया। इस पारी के दौरान विराट कोहली न्यूजीलैण्ड के खिलाफ एकदिनी क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्तत रूप से पहले स्थान पर पहुंच गये हैं। कोहली के नाम अब न्यूजीलैण्ड के खिलाफ १९७१ रन हो गये हैं। उन्होंने इस मामले में आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग (१९७१ रन) की बराबरी की है। इस सूची में सचिन तेंदुलकर १७५० रन तीसरे स्थान पर हैं। जैकब डफी (४९ रन देकर तीन विकेट) ने एक ओवर में कोहली और अक्षर पटेल को आउट करके मैच में कुछ रोमांच भरा। टिम सीफर्ट ने कोहली का डीप स्क्वायर लेग पर एक हाथ से शानदार कैच लिया। डफी ने श्रेयस अय्यर (१५) के रूप में अपना तीसरा विकेट लिया। नमन धीर (अजेय पांच) ने विजयी चौका लगाया। इससे पहले गिल ने टास जीतकर न्यूजीलैण्ड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के कार्यभार प्रबंधन और चोट के कारण नहीं खेलने के बावजूद भारत के कम अनुभवी तेज गेंदबाजी आक्रमण ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि न्यूजीलैण्डके सिर्फ पांच बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। टिम साइफर्ट ४३ गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से ३८ रन, डेरिल मिचेल 41 गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से २८ रन और टी-२० के विशेषज्ञ बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ५१ गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से ३० रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा टिकनर और डफी ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। भारत को न्यूजीलैण्ड के शीर्षक्रम और मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने इतना परेशान नहीं किया, जितना परेशन ११वें नम्बर पर आये ब्लेयर टिकनर ने किया। मेजबान टीमका स्कोर एक समय नौ विकेट पर १४६ रन था। इसके बाद टिकनर ने जैकब डफी (अजेय १५) के साथ १०वें विकेट के लिए ३१ गेंद में ३९ रन की साझेदारी निभाई। टिकनर २३ गेंद में एक चौका और चार छक्के की मदद से ३४ रन की तूफानी पारी खेलकर आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए। उन्हें गुरनूर बराड़ ने विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराया। विल यंग (नौ), हेनरी निकोल्स (नौ), टाम लाथम (तीन), कप्तान मिचेल सैंटनर (चार), नाथन स्मिथ (एक) और काइल जेमीसन (एक) रन बनाकर आउट हुए।

टिप्पणियाँ (0)

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है।