भारतमें विकासके साथ गरीबी उन्मूलन की गति अभूतपूर्व-मोदी
नयी दिल्ली (आससे)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत में विकास की रफ्तार के साथ गरीबी उन्मूलन की गति भी अभूतपूर्व रही है। विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि पिछले 12-13 वर्षों में देश के 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। प्रधानमंत्री गुरुवार को नई दिल्ली में फिक्की के शताब्दी समारोह के तहत आयोजित वार्षिक आम बैठक और सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 1970 के दशक में ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दिया गया था, उस समय देश की आबादी करीब 50 करोड़ थी। इसके बावजूद गरीबी दूर नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि सही नीतियों और सही इरादे के साथ काम करने से महज 12-13 वर्षों में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालना संभव हुआ। मोदी ने उद्योग जगत, किसानों, छोटे उद्यमियों, करदाताओं और धन सृजन करने वालों के सम्मान पर जोर देते हुए कहा कि सुबह-शाम उन्हें गालियां देने से देश आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने कहा कि सभी को संदेह की नजर से देखना बंद करना होगा। गुजरात का मुख्यमंत्री बनने के शुरुआती दिनों का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने आयकर विभाग से भी सवाल किया था कि वह कब तक हर व्यक्ति को चोर की तरह देखना बंद करेगा। प्रधानमंत्री ने बताया कि सरकार ने कॉरपोरेट कर की मूल दर 2014 के 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत की है। उन्होंने कहा कि अब 12 लाख रुपये तक की आय पर आयकर नहीं लगता। आयकर रिटर्न और रिफंड की प्रक्रिया भी सरल की गई है। पहले रिफंड मिलने में आठ महीने तक लगते थे, जबकि अब यह एक सप्ताह के भीतर मिल जाता है। उन्होंने उद्योग जगत से पूछा कि कर में राहत के बाद क्या कंपनियों ने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया और नए रोजगार दिए हैं। मोदी ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था ने पिछले 100 वर्षों में लाइसेंस-कोटा राज, राष्ट्रीयकरण और बाद में ‘फ्रेजाइल फाइव’ जैसी स्थितियां देखीं। लेकिन पिछले 12 वर्षों में युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्योग जगत के सामूहिक प्रयासों से देश की आर्थिक स्थिति में बदलाव आया है।
संबंधित समाचार
नौकरी छूटनेपर पीएफ निकासीका इंतजार खत्म
11 मिनट पहले
यूपी : जनगणना-चुनावी ड्यूटीमें लगे स्कूलोंके शिक्षक
14 मिनट पहले
टिप्पणियाँ (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है।