मुख्य सामग्री पर जाएँ
ब्रेकिंग
बुधवार, 04 नवम्बर 2026
आज हिन्दी दैनिक

भारत फाइनलमें

दक्षिण कोरियाको ८-१ से रौंदा

लेखक: AJVARANASI · · 61 बार पढ़ा गया
साझा करें: WhatsApp Facebook X
भारत फाइनलमें

चंडीगढ़ (एजेन्सियां)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्राफी के फाइनल में जगह बना ली है। बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण कोरिया को ८-१ सेे रौंद दिया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में भारतीय खिलाडिय़ों ने पूरे मैच में दमदार प्रदर्शन किया और कोरियाई टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया मुकाबले की शुरुआत से ही भारतीय टीम आक्रामक नजर आयी। शिलानंद लाकरा ने चौथे मिनट में गोल करके भारत का खाता खोला। हालांकि, दक्षिण कोरिया ने नौवें मिनट में सांगजुन हन के गोल से बराबरी हासिल कर ली। इसके तुरंत बाद भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल में बदलकर टीम को २-१ से आगे कर दिया। १३वें मिनट में शिलानंद ने अपना दूसरा गोल दागते हुए भारत की बढ़त ३-१ कर दी। दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाडिय़ों का दबदबा जारी रहा। सुखजीत सिंह ने २१वें मिनट में गोल करके स्कोर ४-१ किया। इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने शानदार खेल दिखाते हुए २१वें और २५वें मिनट में लगातार दो गोल दागे। इस तरह मध्यांतर तक भारत ने ६-१ की बड़ी बढ़त हासिल कर ली। दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने अपनी आक्रामक रणनीति जारी रखी। खिलाडिय़ों ने गेंद पर नियंत्रण बनाते हुए कोरियाई डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया। दक्षिण कोरिया की टीम ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाडिय़ों के सामने उसकी एक नहीं चली। अंतत: भारत ने मुकाबला ८-१ से अपने नाम कर लिया। भारत अब पांच नवम्बर को होने वाले फाइनल में जापान से भिड़ेगी। जापान ने पहले सेमीफाइनल में मलेशिया को पेनल्टी शूटआउट में ५-३ से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच मुकाबला गोलरहित रहा था।

टिप्पणियाँ (0)

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है।