अथलीटोंने लगाया पदकों का छक्का

नागोया (एजेन्सियां)। भारत के पैरा अथलीटों ने सोमवार को यहां आईची नागोया एशियाई पैरा खेलों की अथलेटिक्स स्पर्धाओं के पहले दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण सहित छह पदक जीते। लंबी कूद में निषाद कुमार, भाला फेंक में रिंकू और दृष्टिबाधित मध्य दूरी की धाविका सौम्या ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल किए। निषाद ने पुरुषों की लंबी कूद टी ४७ स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का अथलेटिक्स में स्वर्ण पदकों का खाता खोला। इस २७ वर्षीय खिलाड़ी ने पिछले एशियाई पैरा खेलों में भी ऊंची कूद की टी ४७ स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने लंबी कूद में अपने तीसरे और पांचवें दोनों प्रयासों में ७.११ मीटर की छलांग लगाई। दिलचस्प बात यह है कि वह पहली बार लंबी कूद में प्रतिस्पर्धा कर रहे थे। दो बार के पैरालम्पिक रजत पदक विजेता निषाद मौजूदा खेलों में अपनी पसंदीदा स्पर्धा ऊंची कूद टी-४७ में भी भाग लेंगे। उज्बेकिस्तान के ओमादबेक खासानोव और श्रीलंका के मोहम्मदु सफरान ने क्रमश: ६.९९ मीटर और ६.५५ मीटर के प्रयास से रजत और कांस्य पदक जीते। सौम्या ने महिलाओं की १५०० मीटर टी १२ टी १३ स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता जबकि हमवतन राधा वेंकटेश ने रजत पदक अपने नाम किया। सौम्या ने पांच मिनट १२.३९ सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता जबकि राधा ने पांच मिनट ३०.९० सेकेंड में दौड़ पूरी करके रजत पदक हासिल किया। दृष्टिबाधित खिलाडिय़ों के लिए आयोजित इस स्पर्धा में सौम्या के गाइड कुमार भरत थे जबकि राधा के साथ गोविंद सोलंकी ने गाइड की भूमिका निभाई। दृष्टिबाधित खिलाडिय़ों के सबसे गंभीर टी ११ वर्ग में भारत की रवन्नी वलसानैनी ने कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में मूल रूप से तीसरे स्थान पर रहने वाली रक्षिता राजू को तकनीकी उल्लंघन के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया था। यह उल्लंघन कपड़ों, जूतों और प्रतियोगिता में इस्तेमाल होने वाले बिब नंबरसे संबंधित नियमोंका पालन नहीं करनेके कारण हुआ। भारतके लिए तीसरा स्वर्ण रिंकूने पुरुषोंकी भाला फेंक एफ ४६ स्पर्धा में जीता जबकि उनके हमवतन अजीत सिंहने रजत पदक हासिल किया। रिंकूने ६५.११ मीटर भाला फेंककर स्वर्ण अपने नाम किया। उन्होंने अजीतको महज नौ सेंटीमीटरके अंतरसे पीछे छोड़ा। अजीतने ६५.०२ मीटरके थ्रो के साथ रजत पदक जीता। तीन खिलाडियोंकी इस स्पर्धामें इंडोनेशियाके आर सत्योनोने ५५.३० मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
संबंधित समाचार
वाराणसी : ओवरब्रिज पर सेल्फी ले रहे पांच की मौत
2 घंटे पहले
दानापुर-सगुना मोड़ पर प्राइम स्क्वायरका भूमि पूजन
1 सप्ताह पहले
टिप्पणियाँ (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है।