वाशिंगटन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बुधवार को अमेरिकी संसद (कांग्रेस) को संबोधित करते हुए रूस के खिलाफ युद्ध में अमेरिका से तत्काल मदद करने की गुहार लगाई है। उन्होंने पर्ल हार्बर और 26/11 हमलों की याद दिलाते हुए अमेरिकी सांसदों से यूक्रेन के लिए कुछ और अधिक करने की मांग की। कैपिटल कांप्लेक्स (संसद परिसर) में लाइवस्ट्रीम संबोधन में जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिका को रूसी सांसदों को प्रतिबंधित करना चाहिए और आयात को रोकना चाहिए।
जेलेंस्की ने युद्ध से हुई तबाही का वीडियो किया साझा
जेलेंस्की ने सांसदों से भरे सभागार में अपने देश को युद्ध में हुई तबाही का एक भावनात्मक वीडियो भी दिखाया। उन्होंने कहा कि हमें अभी आपकी जरूरत है। रूसियों पर तेज आर्थिक प्रहार का आग्रह करते हुए, उन्होंने कहा शांति, कमाई से ज्यादा महत्वपूर्ण है। जेलेंस्की ने अपना भाषण पहले यूक्रेनी भाषा में शुरू किया फिर वे अंग्रेजी में बोलने लगे। सांसदों ने उनके संबोधन से पहले और बाद में खड़े होकर तालियां बजाई। उन्होंने कहा मैं अगर मौतें नहीं रोक सकता तो जीवन का कोई मतलब नहीं दिखता। समझा जाता है जेलेंस्की के संबोधन के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन कोई महत्वपूर्ण घोषणा कर सकते हैं। वे यूक्रेन को 800 मिलियन डालर (60.9 अरब रुपये) की मदद की घोषणा कर सकते हैं।
रूस ने हमारी स्वतंत्रता पर हमला किया
अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित करते हुए जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने न सिर्फ हम पर, न सिर्फ हमारी जमीन पर, न सिर्फ हमारे शहरों पर, बल्कि हमारे मूल्यों के खिलाफ, हमारे अपने देश में स्वतंत्र रूप से जीने के हमारे अधिकार के खिलाफ, हमारे राष्ट्रीय सपनों के खिलाफ एक क्रूर हमला किया है।