Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

Earthquake in Japan: जापान के पूर्वोत्तर तट पर भूकंप के जोरदार झटके, सुनामी की चेतावनी


टोक्‍यो, नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, आज रात लगभग 8.06 बजे जापान के टोक्यो से 297 किमी उत्तर पूर्व में 7.3 तीव्रता का भूकंप आया। जापान के पूर्वोत्तर तट पर बुधवार को आए जोरदार भूकंप से इमारतें हिल गईं और सुनामी की चेतावनी दी गई। सार्वजनिक प्रसारक एनएचके के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 7.3 दर्ज की गई और कुछ क्षेत्रों में जापानी झटकों की तीव्रता के पैमाने पर 6 से अधिक की तीव्रता दर्ज की गई। इसके बाद लोग घरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए।

2011 में बड़े भूकंप के बाद आई थी सुनामी 

इसी क्षेत्र में 2011 में एक बड़े भूकंप के बाद सुनामी आई थी, जिसने फुकुशिमा परमाणु आपदा को जन्म दिया था। 2011 में 11 मार्च को नौ तीव्रता के भूकंप ने पूर्वोत्तर जापान को तबाह कर दिया था। जिसके बाद आई सुनामी में 18 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी जबकि करीब पांच लाख लोग विस्थापित हुए थे। इस त्रासदी को 10 साल हो गए हैं लेकिन 40 हजार लोग फुकुशिमा के आसपास अब भी घरों में लौट नहीं पाए हैं।

22 जनवरी को भूकंप के कारण 10 लोग हुए थे घायल 

इससे पहले 22 जनवरी को दक्षिण-पश्चिमी और पश्चिमी जापान में आए भूकंप ने हर किसी को हिला कर रख दिया था। भूकंप की तीव्रता 6.4 मापी गई थी। इस शक्तिशाली भूकंप के कारण 10 लोग घायल हुए थे। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र क्यूशू द्वीप के पास शनिवार सुबह लगभग 1:08 बजे (शुक्रवार को लगभग 16:08 GMT) आया , जिसका केंद्र 40 किलोमीटर (24.8 मील) की गहराई पर था।