मऊ

मऊ:करणी सेना का खौफनाक चेहरा देख थर्राया प्रशासन… एसपी दरबार में पहुंचे कलेक्टर और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट घंटों बैठे रह गये, करणी सेना के जिलाध्यक्ष सहित तीन गिरफ्तार,इनोवा कार सीज


(ऋषिकेश पाण्डेय)
मऊ।कलेक्टर आफिस में करणी सेना का खौफनाक चेहरा देखकर जिला प्रशासन मंगलवार को थर्रा उठा।शायद,यही वज़ह है कि इस घटना के तत्काल बाद खुद जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनता दरबार के वक्त पहुंच गये।जहां ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पहले से ही पुलिस अधीक्षक सुशील घुले के दरबार में मौजूद थे और फरियाद लेकर पहुंची जनता घंटों से अपनी तकदीर और व्यवस्था को कोस रही थी।इस बीच जब खुद कलेक्टर भी एसपी के दरबार में पहुंच गये और घंटे भर से ऊपर समय तक बैठे रह गये।जब अपराह्न सवा दो बज गया तो जनता की रही-सही उम्मीदें भी समाप्त हो गयीं।उसमें भी जब मूसलाधार बारिश का पानी एसपी आफिस में घुसने लगा और खुद पुलिसकर्मी इधर-उधर भागने लगे तो जनता भी मायूस हो गयी।वैसे जनपद में यह पहला मौका था,जब कोई कलेक्टर खुद प्रोटोकॉल का उल्लंघन करते हुए एसपी आफिस में पहुंचा हो।वो भी तब,जब एसपी के जनता दरबार का वक्त था।बताया जाता है कि सरायलखंसी थाना क्षेत्र के किन्नूपुर निवासी करणी सेना भारत के मंडल अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह परिहार के घर गयी एक प्रशासनिक टीम ने उनका घर गाँव की पोखरी में बने होने की बात कहकर उसे ध्वस्त करने की बात कही।देवेन्द्र सिंह की मानें तो उन्होंने कतिपय अधिकारियों से कहा कि चार जून को उनके बहन की शादी है।शादी बीत जाने के बाद जो भी ऐक्शन लेना होगा,ले लीजिएगा।कोई भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए छह जून को आइये।लेकिन,अधिकारी ध्वस्तीकरण पर अङ गये।छह जून तक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रोकने की गुहार लेकर वे तीन दिनों से कलेक्टर से मिलने की कोशिश कर रहे थे।लेकिन,कलेक्टर नहीं मिल रहे थे।इस बीच सोमवार को एक प्रशासनिक टीम ने उनका घर ध्वस्त कर दिया।जिसके विरोध में करणी सेना भारत के सैकड़ों कार्यकर्ता मंगलवार को नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट में घुस गये और कलेक्टर के चैम्बर तक पहुंच गये।करणी सेना के कार्यकर्ताओं का खौफनाक चेहरा देखकर जिला प्रशासन सहम गया।भारी संख्या में पहुंची पुलिस ने करणी सेना भारत के मंडल अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह परिहार,उनके जिलाध्यक्ष भाई सोनू सिंह और युवा जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह को गिरफ्तार कर उनकी इनोवा कार को जब्त कर लिया।इस गिरफ्तारी से कार्यकर्ताओं में तीव्र रोष व्याप्त है।उल्लेखनीय है कि देवेन्द्र सिंह ने कुछ माह पूर्व करणी सेना का जिलाध्यक्ष रहते कलेक्ट्रेट में ही सपा के प्रदेश सचिव महेंद्र चौहान को दौङा-दौड़ाकर पीटा था और कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान के होर्डिंग पर भी जूते बरसाये थे।जिसके चलते जनपद कई दिनों तक अशांत था और प्रशासन को जनपद मऊ में अमन-चैन की बहाली के लिए कङी मशक्कत करनी पड़ी थी।