Uncategorized

सुंदर, अक्षरकी फिरकीमें फंसे कंगारू


भारतने ४८ रन से जीता चौथा टी-२०, आस्ट्रेलिया ने घर में टेके घुटने
कैरारा (एजेन्सियां)। अक्षर पटेल (अजेय २१, २-२०) के हरफनमौला और वाशिंगटन सुंदर (३-३) की घातका गेंदबाजी के दम पर भारत ने गुरुवार को यहां चौथे टी-२० अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में आस्ट्रेलिया को ४८ रन से हराकर पांच मैच की शृंखला में २-१ की बढ़त बना ली। भारत ने पहले २० ओवर में आठ विकेट पर १६७ रन बना ये फिर मेंजबान टीम को उसी के घर पर घुटने टेकने पर मजबूर करते हुए १८.२ ओवर में केवल ११९ रन पर समेट दिया। इस तरह आस्ट्रेलिया अपने घर में टी-२० अंतरराष्ट्रीय मैच में दूसरे सबसे छोटे स्कोर पर आलआउट हो गयी। इससे पहले आस्ट्रेलिया २०२२ में सिडनी में न्यूजीलैण्ड के खिलाफ १११ के स्कोर पर आलआउट हो गयी थी। १६८ रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे आस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों को भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव में रखा। मैथ्यू शार्ट ने अर्शदीप सिंह पर चौके के साथ खाता खोला और फिर इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में भी छक्का और चौका जड़ा। कप्तान मिचेल मार्श ने भी जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप की गेंदों को सीमा रेखा के पार चार रन के लिए भेजा। जब यह जोड़ी एक अच्छी साझेदारी की ओर बढ़ती दिख रही थी तभी अक्षर पटेल ने मैथ्यू शार्ट को पगबाधा करके इस साझेदारी को तोड़ा। मैदानी अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया था लेकिन डीआरएस लेने पर उन्हें अपना फैसला बदलना पड़ा क्योंकि गेंद विकेटों से टकरा रही थी। शार्ट ने १९ गेंदों पर दो चौके, दो छक्के की मदद से २५ रन बनाये। आस्ट्रेलिया को पहला झटका ३७ रन पर लगा। जोश इंग्लिस ने आते ही जसप्रीत बुमराह पर दो चौके मारे जिससे आस्ट्रेलिया ने पावर प्ले में एक विकेट पर ४८ रन बनाये। मार्श २१ रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर लांग आफ पर अभिषेक शर्मा ने उनका मुश्किल कैच गिरा दिया। इधर अक्षर पटेल ने इंग्लिस को बोल्ड कर दिया जो ११ गेंदों पर दो चौके की मदद से केवल १२ रन ही बना सके। मार्श जीवनदान पाने का लाभ नहीं ले सके शिवम दुबे की गेंद पर बड़ा शाट खेलने की कोशिश में अर्शदीप को कैच दे बैठे जिससे आस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर ७० रन हो गया। मार्श ने २४ गेंद में ३० रन बनाये जिसमें चार चौके शामलि रहे। यह मैच का टर्निंग प्वाइंट रहा। पिछले मैच में भारतीय ेगंदबाजों की बखिया उधेड़ अर्द्धशतक जड़ने वाले टिम डेविड इस बार बड़ी पारी नहीं खेल सके और केवल १४ रन बना कर शिवम दुबे की गेंद पर हवा में लहराकर मिड आफ पर कप्तान सूर्यकुमार के हाथों लपके गये। हालांकि डेविड ने इससे पहले वाली गेंद पर लंबा छक्का जड़ा था। अर्शदीप ने जोश फिलिप (१०) को शार्ट मिडविकेट पर वरुण चक्रवर्ती के हाथों कैच कराके आस्ट्रेलिया को पांचवां झटका दिया। ग्लेन मैक्सवेल (दो) ने एक रन के साथ १५वें ओवर में आस्ट्रेलिया के रनों का शतक पूरा किया लेकिन अंतिम गेंद पर बोल्ड हो गये। आस्ट्रेलिया को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए ६५ रन की दरकार थी। सूर्यकुमार ने १७वें ओवर में शृंखला में पहली बार गेंद वाशिंगटन सुंदर को थमाई और उन्होंने लगातार गेंदों पर मार्कस स्टोइनिस (१७) और जेवियर बार्टलेट (शून्य) को आउट करने के बाद अपने अगले ओवर में जंपा (शून्य) को गिल के हाथों कैच कराके आस्ट्रेलिया की पारी १८.२ ओवर में ११९ रन पर समेट दी। सुंदर ने तीन रन देकर तीन तथा अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने २०-२० रन खर्च कर दो-दो विकेट लिए। इससे पहले टास हार कर पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद मैच की दूसरी ही गेंद पर अभिषेक भाग्यशाली रहे जब बेन ड्वारशुइस की गेंद को कवर्स के ऊपर से खेलने की कोशिश में हवा में लहरा बैठे लेकिन जेवियर बार्टलेट उनका कैच लपकने में नाकाम रहे। अभिषेक ने बार्टलेट पर पारी का पहला चौका मारा जबकि शुभमन गिल ने ड्वारशुइस की गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराने के बाद एलिस पर दो चौके जड़े। अभिषेक शर्मा ने मार्कस स्टोइनिस पर दो चौकों के साथ पावर प्ले में भारत का स्कोर बिना विकेट खोए ४९ रन तक पहुंचाया। अभिषेक ने जंपा का स्वागत छक्के के साथ किया लेकिन इस लेग स्पिनर पर एक और बड़ा शाट खेलने की कोशिश में लान्ग आन पर टिम डेविड को आसान कैच दे बैठे। उन्होंने २१ गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और एक छक्के की मदद से २८ रन बनाये। प्रोन्नत कर ऊपर भेजे गये शिवम दुबे और गिल ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया। शिवम दुबे ने ड्वारशुइस पर चौका जड़ने के बाद जंपा की गेंद ११७ मीटर का लम्बा छक्का जड़ा। शिवम दूबे (२२) हालांकि एलिस की धीमी गेंद पर चकमा खाकर बोल्ड हो गये। कप्तान सूर्यकुमार ने जंपा पर लगातार दो छक्कों के साथ १३वें ओवर में भारत के रनों का शतक पूरा किया। गिल ने भी स्टोइनिस की गेंद पर छक्का जड़ा लेकिन एलिस की गेंद पर बोल्ड हो गये। गिल ने ३९ गेंद का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्के के सहारे ४६ रन बनाये। सूर्यकुमार (२०) भी बार्टलेट की गेंद को हवा में लहराकर डेविड के हाथों लपके गये जिससे भारत का स्कोर चार विकेट पर १२५ रन हो गया। जंपा ने तिलक वर्मा (पांच) को विकेटकीपर जोश इंग्लिस के हाथों कैच कराके भारत को पांचवां झटका दिया और फिर जितेश शर्मा (तीन) को पगबाधा किया। अक्षर ने अंतिम ओवर में स्टोइनिस की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के लगा कर ११ गेंदों पर अजेय २१ रन की पारी खेल दी जिससे भारत का स्कोर २० ओवर में आठ विकेट पर १६७ रन हो गया। नाथन एलिस और एडम जंपा ने तीन-तीन विकेट चटकाये।