Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

अब भाजपा ने भी शुरू की विशाखापट्टनम से 15 दिवसीय Praja Poru Yatra,


विशाखापट्टनम, दक्षिण भारत में कांग्रेस की चल रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बीच भाजपा ने भी एक यात्रा शुरू की है। भाजपा की यह यात्रा आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से शुरू की गई है। भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को विशाखापट्टनम से 15 दिवसीय ‘प्रजा पोरू यात्रा’ (Praja Poru Yatra) शुरू की है। आंध्र प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष सोमू वीराराजी और राज्यसभा सांसद जीवीएल नरसिम्हा राव ने विशाखापट्टनम में भाजपा कार्यालय में ‘प्रजा पोरु यात्रा’ को हरी झंडी दिखाई। समाचार एजेंसी एएनआई ने यह जानकारी दी।

5000 नुक्कड़ सभाओं को करने का है लक्ष्य

राव ने कहा कि वाईएसआरसीपी (YSRCP) सरकार आंध्र प्रदेश में शासन करने में पूरी तरह से विफल रही है। इस सरकार में लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा। भाजपा लोगों के मुद्दों को हल करने के लिए वाईएसआरसीपी सरकार के खिलाफ राज्य में प्रजा पोरु यात्रा का आयोजन करने जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि पोरू यात्रा में अगले 15 दिनों में 175 विधानसभा क्षेत्रों में 5000 नुक्कड़ सभाओं को करने का लक्ष्य है।

jagran

भारत जोड़ो यात्रा के तहत केरल के कई जिलों में पैदल मार्च कर रही कांग्रेस

यात्रा कांग्रेस द्वारा चल रही भारत जोड़ो यात्रा के मद्देनजर शुरू की गई है। भारत जोड़ो यात्रा अपने 12वें दिन में प्रवेश कर गई और राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी नेता और कार्यकर्ता केरल के कई जिलों में पैदल मार्च कर रहे हैं। 200 किलोमीटर पूरा करने के बाद कांग्रेस नेताओं ने रविवार सुबह अलाप्पुझा जिले के हरिपद से यात्रा को फिर से शुरू किया। पदयात्रा थोट्टापल्ली के श्री कुरुत्तु भगवती मंदिर में रुकेगी। यात्रा शाम को टीडी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल वंदनम में भी रुकेगी। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अभी केरल में है और अगले 12 दिन यह इसी राज्य से होकर गुजरेगी।

30 सितंबर को कर्नाटक पहुंचेगी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा

कन्याकुमारी से कश्मीर तक का 3,500 किलोमीटर का मार्च 150 दिनों में पूरा होगा। इस दौरान पार्टी का यह पैदल मार्च 12 राज्यों को कवर करेगा। केरल से होते हुए यह यात्रा 30 सितंबर को कर्नाटक पहुंचेगी। यह उत्तर की ओर बढ़ने से पहले 21 दिनों के लिए कर्नाटक में होगी। इस यह पद यात्रा में प्रतिदिन 25 किमी की दूरी तय की जाती है।