Latest News उड़ीसा राष्ट्रीय

ओडिशा में विधायक दल की बैठक में बदलाव! अब कल होगी मीटिंग, 2 केंद्रीय मंत्री तय करेंगे राज्य का CM


भुवनेश्वर। ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार अपनी सरकार बनाने जा रही है। सरकार बनाने को लेकर पार्टी के अंदर मंथन प्रक्रिया भी तेज हो गई है।

शपथ ग्रहण समारोह के लिए जनता मैंदान में व्यवस्था की गई है, जिसे कमिश्नरेट पुलिस के साथ ही एसपीजी की टीम अपने नियंत्रण में लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रही है।

मंगलवार को होगी बैठक

खासकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए आने से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वहीं ओडिशा में भाजपा का कौन मुख्यमंत्री बनेगा, उसे निर्धारित करने के लिए मंगलवार को भाजपा विधायक दल की बैठक होगी।

यह बैठक दो केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह एवं भूपिन्दर सिंह यादव के प्रत्यक्ष निगरानी में होगी ।इसके लिए सोमवार देर शाम को दोनों केंद्रीय मंत्री भुवनेश्वर पहुंचे हैं। बैठक में मंगलवार को ही भाजपा के विधायक दल का नेता सर्वसम्मति से चुना जाएगा।

पार्टी के फैसले का है इंतजार

जानकारी के मुताबिक ओड़िशा में मुख्यमंत्री का चयन करने के लिए दो केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह एवं भूपिन्दर सिंह यादव को दायित्व दिया गया है। ओडिशा का मुख्यमंत्री कौन होगा, ये दोनों नेता निर्णय लेंगे। वहीं दुसरी तरफ दिल्ली से लौटने के बाद विधायक सुरेश पुजारी ने कहा है कि पार्टी के निर्णय का इंतजार करें।

बहुत जल्द इस संदर्भ में निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंगलवार को विधायक दल की बैठक होगी। दोनों पर्यवेक्षक नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों के साथ चर्चा करेंगे। कौन मुख्यमंत्री होगा,उस पर चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा।

12 जून को होगा शपथ ग्रहण समारोह

12 जून को जनता मैदान में नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह होगा। मुख्यमंत्री की दौड़ में भाजपा के अध्यक्ष मनमोहन सामल, सुरेश पुजारी, बैजयंत पंडा के नाम की चर्चा हो रही है।

इनके नामों पर है चर्चा

इसके अलावा भाजपा के उपमुख्यमंत्री के नाम की भी चर्चा हो रही है, जिसमें केन्दुझर सदर विधायक मोहन चरण माझी सबसे आगे हैं। उनके साथ विधायक जय नारायण मिश्रा केवी सिंहदेव के नाम की भी चर्चा हो रही है। शपथ ग्रहण समारोह के लिए भाजपा की तरफ से भव्य तैयारी की जा रही है।

सुरक्षा के किए गए कड़े इंतेजाम

जनता मैदान में शपथ समारोह के लिए कमिश्नरेट पुलिस के साथ एसपीजी के जवान तैनात कर दिए गए हैं। पूरे जनता मैदान समारोह स्थल पर आने जाने वाले लोगों पर एसपीजी के जवान पैनी नजर रख रहे हैं।

प्रधानमंत्री के दौरे और खासकर रोड शो को लेकर राजधानी में उत्साह का माहौल है। प्रधानमंत्री भुवनेश्वर में रोड शो करते हुए जनता मैदान शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे।