पटना

खगड़िया: जिलाधिकारी ने लिया बाढ़ का प्रभावित इलाकों का जायजा


बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य को लेकर अभियंताओं को दिए निर्देश  

खगड़िया (आससे)। खगड़िया जिले में बाढ़ की स्थिति की अद्यतन समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने गुरुवार को  संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल 1 एवं 2 के कार्यपालक अभियंताओं से तटबंधों के सुरक्षा को लेकर जानकारी प्राप्त की एवं रेन कट की मरम्मति समय रहते कराने का निर्देश दिया।

बैठक में उपस्थित बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंताओं द्वारा बताया गया कि लगमा भरपुरा बांध सुरक्षित है और आवश्यकतानुसार रेन कट की मरम्मति तथा अग्रहण, शहरौन, उत्तरी मधुरा, मधुरा एवं उत्तरी बहोरवा गांव में बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य कराया जा रहा है। जबकि गांधीनगर एवं परियाली में काम पूरा कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने बाढ़ से बसावट प्रभावित ना हो इसे लेकर सतत निगरानी किए जाने और  सजग एवं सतर्क रहने का भी निर्देश दिया।

उन्होंने बंगलिया गांव में तटबंध  का स्थलीय निरीक्षण कर अविलंब सूचित करने का निर्देश देते हुए जिला पशुपालन पदाधिकारी को बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में पशु चारा पहुंचाने और जिला कृषि पदाधिकारी को फसल क्षति देखने का आकलन किए जाने के निर्देश  भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में बाढ़ आती है, वहीं के किसानों को फसल क्षति देना है। स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हैलोजन टेबलेट ब्लीचिंग पाउडर इत्यादि वितरित करने और बोट एंबुलेंस में आवश्यक दवाओं के साथ चूना इत्यादि रखने का भी निर्देश दिया गया।

बाढ़ समीक्षात्मक बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने सदर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इंग्लिश टोला, जालिम टोला का बोट पर सवार होकर भ्रमण किया और बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इंग्लिश टोला में पीड़ितों से चारा एवं फसल के बारे में जानकारी प्राप्त की। जालिम टोला में जिलाधिकारी ने नल जल योजना का भी निरीक्षण किया और ग्रामीणों ने बताया कि इस योजना से जल की आपूर्ति नहीं हो रही है। जिलाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।

भ्रमण के क्रम में जिलाधिकारी बाढ़ प्रभावित रहीमपुर मध्य पंचायत के नन्हकू मंडल टोला भी  गए और वहां पंचायत सरकार भवन में चल रहे कोविड टीकाकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से इस संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया और ग्रामीणों खासकर महिलाओं में टीकाकरण के प्रति उत्साह से वे प्रभावित हुए। जिलाधिकारी ने स्थानीय मुखिया मक्खन साह एवं वार्ड सदस्यों से स्थानीय समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आरटीपीएस सुविधा काउंटर को सरकार द्वारा निर्धारित समय पर दोबारा खोलने का निर्देश भी दिया।

उन्होंने पंचायत सरकार भवन के बगल से गंगा नदी की धारा पर मथार जाने हेतु  निर्मित सेतु के बारे में भी स्थानीय लोगों से जानकारी प्राप्त की। लोगों ने बताया कि संपर्क मार्ग के निर्माण हो जाने से इस पुल का फायदा आमजनों को मिल पाएगा। जिलाधिकारी ने इस पर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों की शिकायत भी सुनी। उन्होंने राशन कार्ड और वृद्धावस्था पेंशन के संबंध में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के बारे में भी जानकारी हासिल की। पंचायत में बने सामुदायिक स्वच्छता परिसर का भी जिलाधिकारी ने अवलोकन किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी के साथ अपर समाहर्ता शत्रुंजय कुमार मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी  धर्मेंद्र कुमार, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता  गणेश सिंह एवं  अमर सिंह, आपदा सलाहकार  प्रदीप कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार भी जिलाधिकारी के साथ भ्रमण के दौरान उपस्थित थे।