गुजरात नगर निगम चुनाव में भाजपा ने प्रचंड जीत दर्ज की। पंजाब में हार के बाद भाजपा के लिए यह संजीवनी है।
भाजपा ने छह नगर निगम पर फिर से शासन स्थापित कर लिया। कई सालों से भाजपा ने यहां कब्जा किया है। सत्तारूढ़ दल ने राज्य के सभी छह नगर निगमों- अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट, जामनगर और भावनगर में सत्ता बरकरार रखी। भाजपा ने 576 में से 483 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया।
मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस का बुरा हाल
मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस का बुरा हाल रहा। मात्र 55 सीट पर सिमट गई। 2022 में गुजरात में विधानसभा चुनाव है। यह सेमीफाइनल था। यहां तक कि कांग्रेस सूरत में अपना खाता खोलने में नाकाम रही। दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी (आप) ने सूरत में 27 सीटें जीतकर एक प्रभावशाली प्रदर्शन किया और सूरत नगर निगम में मुख्य विपक्ष के रूप में उभरी। ये सभी सीटें उसने सूरत में जीती।
सूरत में तो उसे एक भी सीट नहीं मिली
आप ने छहों नगर निगमों में कुल 470 उम्मीदवार उतारे थे। भाजपा ने अहमदाबाद में 192 सीटों में से 159, राजकोट में 72 सीटों में से 68, जामनगर में 64 में से 50 सीटें, भावनगर में 52 सीटों में से 44, वडोदरा में 76 सीटों में से 69 और सूरत में 120 सीटों में से 93 सीटें जीतीं। दूसरी ओर, कांग्रेस ने तीन नगर निगमों में केवल एक अंक में सीटें जीतीं और सूरत में तो उसे एक भी सीट नहीं मिली।
कांग्रेस ने अहमदाबाद में 25, राजकोट में चार, जामनगर में 11, भावनगर में आठ और वडोदरा में सात सीटें जीतीं। पहली बार गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव लड़ने वाली असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम ने अहमदाबाद के मुस्लिम बहुल जमालपुर और मकतामपुरा वार्ड में सात सीटें जीतीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई
जामनगर में बहुजन समाज पार्टी के तीन उम्मीदवारों ने जीत हासिल की, जबकि एक निर्दलीय उम्मीदवार अहमदाबाद में जीता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत को ‘अति विशेष’ करार दिया और कहा कि दो दशकों से अधिक समय से राज्य की सेवा करने वाली पार्टी के लिए ऐसी जीत हासिल करना उल्लेखनीय है।
मोदी ने कहा कि नगर निगमों के चुनाव परिणाम विकास एवं सुशासन की राजनीति में लोगों के अटूट विश्वास को प्रदर्शित करते हैं। मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, ”धन्यवाद गुजरात। राज्यभर में नगर निगम के चुनाव परिणाम विकास एवं सुशासन की राजनीति में लोगों के अटूट विश्वास को प्रदर्शित करते हैं।” उन्होंने कहा, ”भाजपा के प्रति एक बार फिर विश्वास प्रदर्शित करने के लिये राज्य के लोगों का आभारी हूं। गुजरात की सेवा करना हमेशा सम्मान की बात रही।”





