चंदौली

चंदौली। भाजपा के दीनानाथ बने जिला पंचायत अध्यक्ष


चंदौली। जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव शनिवार को जनपद में शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ। इस दौरान कलेक्ट्रेट पर सुरक्षा के मद्देनजर विभिन्न थानों की फोर्स के साथ ही डाग स्वायड व स्पेशल फोर्स तैनात रही। सुबह 11 बजे के बाद सर्वप्रथम भाजपा प्रत्याशी दीनानाथ शर्मा व उसके समर्थक सदस्यों ने वोटिंग की। वहीं अंतिम समय में सपा के जिला पंचायत सदस्यों ने वोट डाले। तीन बजे से पहले ही शत-प्रतिशत मतदान सम्पन्न हो गया। मतगणना में भाजपा को 30 व सपा उम्मीदवार को मात्र पांच वोट मिले। इसके साथ ही भाजपा के दीनानाथ चंदौली के जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुए। इसकी खबर कलेक्ट्रेट से बाहर आते ही भाजपाइयों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने दीनानाथ शर्मा को प्रमाण-पत्र के साथ ही शुभकामनाएं दी। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के मद्देनजर कलेक्ट्रेट पर सुबह से ही गहमागहमी रही। सपा खेमे के लोग जहां पूर्व सांसद रामकिशुन की अगुवाई में मां शारदा मंगलम लान में डंटे हुए थे वहीं भाजपाइयों की खेमेबंदी पार्टी कार्यालय पर थी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री डा० महेेंद्रनाथ पांडेय, विधायक साधना सिंह के साथ जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, सूर्यमुनि तिवारी समेत दिग्गज भाजपाई जिला पंचायत सदस्यों संग कार्यालय पर मौजूद रहे। जैसे ही मतदान का समय आरंभ हुआ सभी सदस्य जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उम्मीद दीनानाथ शर्मा के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और वोट डालकर विक्ट्री साइन दिखाकर अपनी जीत का ऐहसास उसी वक्त करा दिया। इस दरम्यान सपा खेमे के नेता अपने दल से निर्वाचित सभी जिला पंचायत सदस्यों की मौजूदगी का इंतजार करते रहे। सपा की ओर से सर्वप्रथम धानापुर से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह ने अपना मत डाला। इसके बाद एक.एक कर सभी सदस्यों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अपराह्न 02:40 बजे तक सभी 35 सदस्यों द्वारा अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया गया। तीन बजे के बाद जिला प्रशासन ने मतगणना शुरू की और चंद मिनटों में परिणाम आ गए। जिला प्रशासन ने भाजपा प्रत्याशी दीनानाथ शर्मा को विजयी घोषित कर दिया। इसके बाद कलेक्ट्रेट पर भाजपाइयों का जमाव?ा लगना शुरू हुआ। भाजपा नेताओं की मौजूदगी में डीएम ने दीनानाथ शर्मा को प्रमाण.पत्र प्रदान किया।