पटना

जहानाबाद: पर्यावरण दिवस पर जिले में विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का हुआ आयोजन


      • डीएम ने की वृक्षारोपण कर प्रकृति को समृद्ध बनाने की अपील
      • पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, तभी हमारी आने वाली अगली पीढ़ी भी होगी सुरक्षित : न्यायाधीश

जहानाबाद। मानव जीवन के लिए पेड़-पौधे बहुत जरूरी है। इसके बिना हम मानव जीवन की कल्पना नहीं कर सकते। पशु-पक्षियों के जीवन के लिए भी यह अति आवश्यक है, लेकिन शहरों का विस्तार और आधुनिक होते समाज के कारण अंधाधुंध पेड़ों की कटाई हो रही है। इस कारण पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता जा रहा है और मानव जीवन पर खतरा मंडराने लगा है। ऐसे में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले में कई स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण में पेड़-पौधों के महत्व को लेकर जागरूक किया गया।

वृक्ष लगाकर पर्यावरण की सुरक्षा करना हमारा दायित्व : डीएम

जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने समाहरणालय स्थित विकास भवन परिसर में वृक्षारोपण कर लोगों को पर्यावरण के संरक्षण, पोषण एवं स्वच्छता का संदेश दिया। मौके पर जिला पदाधिकारी ने फ़लदार वृक्ष लगाया गया। साथ ही विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उन्होंने अपने आवास पर भी वृक्ष लगाया।

डीएम ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रकृति को सदैव समृद्ध रखने के लिए वृक्ष लगाना अति आवश्यक है। इसलिए आप सभी यथासंभव वृक्षारोपण कर इस पर्यावरण दिवस पर प्रकृति को समृद्ध बनाने तथा उसे संरक्षित करने में अपना योगदान अवश्य दें। जिला प्रशासन द्वारा जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत् व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण का कार्यक्रम किया जा रहा है, ताकि हमारा पर्यावरण स्वच्छ एवं संरक्षित रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्ष लगाकर पर्यावरण की सुरक्षा करना हमारा दायित्व है। हम प्रकृति के विभिन्न संसाधनों का दोहन करते है, इस नाते हमारा फ़र्ज है, कि हम जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति का संरक्षण करें। उन्होंने लोगों से अपील किया कि हमारी जिम्मेदारी केवल पौधे लगाने तक ही सीमित नहीं है, अपितु पौधों का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

इस ग्लोबल वार्मिंग के समय में पर्यावरण को सुरक्षित रखने हेतु वृक्ष लगाना बहुत आवश्यक है और इस पृथ्वी के संसाधनों का दोहन करने के उपरांत उसे हरा भरा रखना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए और हमें हर संभव कोशिश करनी चाहिए की प्रकृति की समृद्धि को बनाए रखें। उक्त अवसर पर जिला पदाधिकारी के साथ-साथ अपर समाहर्त्ता अरविन्द मंडल, जिला नजारत उप समाहर्त्ता संजीव कुमार जमुआर सहित कई पदाधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित थे।

पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण जरूरी : न्यायाधीश

इधर पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्थानीय व्यवहार न्यायालय के प्रांगण में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मौके पर कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश रंजीत कुमार सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण बहुत जरूरी है। वर्तमान समय में पूरा विश्व पर्यावरण संकट से जूझ रहा है। ऐसे में पर्यावरण की सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करना आवश्यक है। साथ ही वर्तमान समय में वनों की हो रही अवैध कटाई को रोकने के भी प्रयास करने होंगे।

उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, तभी हमारी आने वाली अगली पीढ़ी भी सुरक्षित रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक लोगों को जिम्मेदारी पूर्वक प्रतिवर्ष वृक्षारोपण करना चाहिए। इस अवसर प्राधिकार के सचिव मुकेश कुमार मिश्रा ने भी वृक्षारोपण पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक लोग को अपने जीवन काल में महत्वपूर्ण अवसरों पर वृक्ष लगाना चाहिए। वृक्षारोपण करने वालों में एडीजे प्रथम शिल्पी सोनी राज, एडीजे तृतीय सतीश कुमार देव, एडीजे छह मनोज कुमार राय, एडीजे सात राकेश कुमार समेत कई अन्य न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सदस्य शामिल हैं।