Latest News उत्तराखण्ड राष्ट्रीय

जेपी नड्डा ने राहुल गांधी को लिया आड़े हाथ


देहरादून। Uttarakhand Vidhan Sabha Election 2022  भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथ लिया। जेपी नड्डा ने कहा कि आजकल कांग्रेस के कुछ नेता गंगा आरती का ढोंग कर रहे हैं। ये वही हैं जिन्होंने राम मंदिर निर्माण को अटकाने का काम किया। आजकल ये लोग चंदन लगाकर कैमरे के सामने आकर भाषण दे रहे हैं। इनके हाथी के दांत खाने के कुछ और, दिखाने के कुछ और हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता को इसी बहाने भारतीय संस्कृति याद तो आई और उन्होंने मंदिरों में जाना शुरू किया। उन्हें यह देखकर इस बात की खुशी है कि यह भी उन्हें भाजपा ने ही सिखाया।

भाजपा नेता नड्डा ने रविवार को देहरादून और उत्तरकाशी में चुनावी सभा को संबोधित किया। देहरादून के सहसपुर में उन्होंने जनसंपर्क कर लोगों से पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। उत्तरकाशी के रामलीला मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में रोपवे के लिए खास प्रविधान रखा है। इससे उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों को बड़ा लाभ मिलेगा। उत्तराखंड में तीन रोपवे का काम चल रहा है। रोपवे योजना पर्यटन, तीर्थाटन और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। आलवेदर रोड का निर्माण पूरा होने वाला है।

ये सभी महत्वपूर्ण कार्य उत्तराखंड के विकास में नई कहानी लिखेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनवाईं साथ ही कहा कि उत्तराखंड देव भूमि, वीर भूमि है। यहां सैन्य धाम का निर्माण भी किया जा रहा है। सैनिकों की ङ्क्षचता करते हुए मोदी सरकार ने वन रैंक, वन पेंशन लागू किया। उत्तराखंड के 1.16 लाख सैनिकों के घर तक यह धनराशि पहुंची है। जेपी नड्डा ने कहा कि गंगोत्री, यमुनोत्री और पुरोला विधानसभा से भाजपा की जीत अगले एक दशक के विकास का खाका होगी।