नयी दिल्ली

दिल्ली में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता की हत्या,


नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के मंगोलपुरी इलाके में बुधवार देर रात हमलावरों ने भाजपा युवा मोर्चा के एक कार्यकर्ता की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। हमलावरों ने सदस्य की लाठी-डंडे से पिटाई भी की। घटना के बाद इलाके में दो समुदायों के बीच तनाव फैल गया है। इलाके में भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि राम मंदिर के लिए कथित चंदा मांगने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया।

वहीं परिवार वालों का आरोप है कि दशहरा पर राम मंदिर पार्क में प्रोग्राम को लेकर दूसरे समुदाय के लोगों से विवाद चल रहा था, जिसकी वजह से युवक की हत्या की गयी है। युवक के छोटे भाई की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर चार आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक रिंकू शर्मा (25) पिता अजय शर्मा, मां राधा, छोटा भाई मनु शर्मा और आशु शर्मा के साथ के ब्लॉक मंगोलपुरी में रहता था। वह एक निजी अस्पताल में काम करता था। मृतक के भाई मनु ने बताया कि उसके घर से कुछ दूरी पर नसरुद्दीन, इस्लाम, जाहिद और मेहताब रहता है। मनु का आरोप है कि कुछ दिन पहले दशहरा पर राम मंदिर पार्क में प्रोग्राम को लेकर आरोपियों का उसके परिवार के सदस्यों के साथ कहासुनी हो गयी थी।

उसके बाद से गली में आते जाते सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते थे। बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे चारों आरोपी कुछ अन्य लोगों के साथ रिंकू के घर पर पहुंचे और दशहरा वाले दिन के विवाद का हवाला देते हुए गाली गलौज करने लगे। रिंकू और मनु ने उनका विरोध किया तो जाहिद ने मनु और रिंकू पर लाठी डंडा से हमला किया और मेहताब ने रिंकू पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।

चाकू रिंकू के रीढ की हड्डी में फंस गया। उसके बाद सभी आरोपी फरार हो गये। मनु व परिवार वाले रिंकू को लेकर संजय गांधी अस्पताल पहुंचे। जहां उपचार के दौरान गुरुवार सुबह रिंकू की मौत हो गई। देर रात पुलिस ने दबिश देकर चारों नामजद अरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से ही इलाके में तनाव फैल गया है। क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।