Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय स्वास्थ्य

देश में एक्टिव केस का आंकड़ा पहुंचा 25 लाख के नीचे, टेस्टिंग में भी बना नया रिकॉर्ड


  • नई दिल्ली,  धीरे-धीरे वैज्ञानिकों की भविष्यवाणी सही साबित होती दिख रही है, जहां रोजाना के मामलों में तेजी से गिरावट जारी है। ऐसे में साफ है कि देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का पीक अब गुजर चुका है। इस बात की पुष्टि स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़े भी कर रहे हैं, जहां पिछले 24 घंटे में एक्टिव केस की संख्या में 91,191 की कमी आई। इस वजह से अब केस लोड 24,95,591 हो गया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में हालात तेजी से सुधर रहे हैं। पिछले 24 घंटें में 2.08 लाख मामलों के साथ देश में संक्रमित मरीजों की संख्या 2.71 करोड़ हो गई है। इसके साथ ही इस अवधि में 2,95,955 मरीज ठीक हुए, जिसके बाद रिकवरी का आंकड़ा राष्ट्रीय स्तर पर 2,43,43,478 पहुंच गया। ऐसे में देखा जाए तो देश का रिकवरी रेट 89.66 प्रतिशत है। वहीं पॉजिटिविटी रेट की बातें करें तो ये अब रोजाना 9.42 प्रतिशत और साप्तहिक 11.45 प्रतिशत हो गया है।

वहीं दूसरी ओर देश में युद्धस्तर पर टीकाकरण अभियान जारी है, जिसके तहत अब तक 20 करोड़ से ज्यादा डोज लगाई जा चुकी हैं। इसके अलावा सिर्फ एक दिन में 22.17 लाख टेस्ट कर नया रिकॉर्ड भी स्थापित हुआ। मंत्रालय ने कहा कि सरकार की कोशिश ज्यादा से ज्यादा जनता तक वैक्सीन पहुंचाने की है, जिसके लिए राज्यों से वैक्सीन बर्बादी 1 प्रतिशत से कम रखने को कहा गया है। मौजूदा वक्त में वैक्सीन बर्बादी का आंकड़ा झारखंड में 37.3 प्रतिशत, छत्तीसगढ़ में 30.2 प्रतिशत, तमिलनाडु में 15.5 प्रतिशत, जम्मू-कश्मीर में 10.8 प्रतिशत और मध्य प्रदेश में 10.7 प्रतिशत है।