पटना

पटना: चयनित स्कूलों में अगले माह से होगी व्यावसायिक शिक्षा की पढ़ाई


(आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। राज्य में चयनित सरकारी स्कूलों में पहली अप्रैल से व्यावसायिक शिक्षा की पढ़ाई शुरू होगी। इसके लिए संबंधित स्कूलों में व्यावसायिक प्रयोगशाला की स्थापना के लिए 15 मार्च तक उपकरणों की खरीदारी होगी।

इस बाबत बिहार शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (प्रारंभिक शिक्षा व समग्र शिक्षा) को निर्देश दिये गये हैं। परिषद के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी प्रेमचंद्र के हस्ताक्षर से जारी निर्देश के मुताबिक व्यावसायिक प्रयोगशाला स्थापित करने के लिए 7,07,890 चयनित विद्यालयों को हस्तांतरित करने के लिए पहले ही आदेश दिये जा चुके हैं। इस राशि से चयनित स्कूलों में दो ट्रेडों के लिए उपकरणों की खरीदारी होनी है।

जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (प्रारंभिक शिक्षा व समग्र शिक्षा) को निर्देश में कहा गया है कि आगामी वित्तीय वर्ष से चयनित स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा का संचालन किया जाना अनिवार्य है। इस बाबत संबंधित स्कूलों के प्रधानाध्यापकों-वरीय शिक्षकों की एक दिवसीय कार्यशाला में व्यावसायिक शिक्षा संचालन व प्रयोगशाला संचालित करने से संबंधित  जानकारी विस्तारपूर्वक दिये जा चुके हैं।

बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (प्रारंभिक शिक्षा व समग्र शिक्षा) को दिये निर्देश में कहा है कि चयनित स्कूलों में एक अप्रैल, 2021 से व्यावसायिक शिक्षा की पढ़ाई शुरू करने के निर्णय की जानकारी राज्य द्वारा केंद्र सरकार को दी जा चुकी है।

ऐसी स्थिति में व्यावसायिक प्रयोगशाला की स्थापना के लिए 15 मार्च तक उपकरणों की खरीदारी नहीं हुई, तो स्थिति की जिम्मेदारी संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (प्रारंभिक शिक्षा व समग्र शिक्षा) की होगी।