पटना

पटना: सात विश्वविद्यालयों के संबद्ध कॉलेजों को मिलेंगे 280 करोड़


      • शैक्षणिक सत्र 2012-15 के अनुदान का होगा भुगतान
      • 2011-14 की प्रथम किस्त की शेष 30 फीसदी राशि भी मिलेगी

(आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। राज्य में संबद्ध डिग्री कॉलेजों को रिजल्ट आधारित अनुदान के तहत 280 करोड़ 39 लाख 84 हजार 900 रुपये मिलेंगे। यह राशि स्वीकृति के साथ ही संबंधित सात विश्वविद्यालयों को विमुक्त की गयी है।

इससे संबंधित संबद्धता प्राप्त डिग्री कॉलेजों को शैक्षणिक सत्र 2012-15 के अनुदान के साथ ही शैक्षणिक सत्र 2011-14 की प्रथम किस्त की शेष 30 फीसदी राशि का भुगतान होगा। संबद्ध डिग्री कॉलेजों के लिए जिन सात विश्वविद्यालयों को अनुदान राशि जारी हुई है, उनमें मगध विश्वविद्यालय, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, बी.एन. मंडल विश्वविद्यालय, बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय, तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय एवं कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय शामिल हैं।

संबद्धता प्राप्त डिग्री कॉलेजों को शैक्षणिक सत्र 2012-15 के अनुदान के मद में मगध विश्वविद्यालय को 62 करोड़ 22 लाख 15 हजार 300, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय को 41 करोड़ 65 लाख 32 हजार 900, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को 29 करोड़ 33 लाख 65 हजार 200, बी.एन. मंडल विश्वविद्यालय को 37 करोड़ 58 लाख 18 हजार 100, बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय को 23 करोड़ 51 लाख 68 हजार 500, तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय को 23 करोड़ 16 लाख 12 हजार 900 एवं कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय को 32 लाख 16 हजार 600 रुपये की राशि विमुक्त हुई है। इसके साथ ही 2011-14 की प्रथम किस्त की शेष 30 फीसदी राशि के मद में सातों विश्वविद्यालयों के लिए 62 करोड़ 60 लाख 55 हजार 400 रुपये की राशि विमुक्त हुई है।

मगध विश्वविद्यालय के 47, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के 31, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के 23, बी. एन. मंडल विश्वविद्यालय के 31, बी. आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय के 16, तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के 19 एवं कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के पांच संबद्ध डिग्री कॉलेजों को 2011-14 की प्रथम किस्त की शेष 30 फीसदी राशि मिलेगी। इसी प्रकार शैक्षणिक सत्र 2012-15 के लिए मगध विश्वविद्यालय के 48, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के 31, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के 24, बी.एन. मंडल विश्वविद्यालय के 34, बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय के 16, तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के 19 एवं कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के पांच कॉलेजों को अनुदान राशि मिलेगी।