पटना

पटना: सीएम का जनता दरबार 12 से


(आज समाचार सेवा)

पटना। जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कैबिनेट के संभावित विस्तार में जदयू की भागीदारी को लेकर अपनी अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि मुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। मैने राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद पहले ही छोड़ दिया है और अब यह जिम्मेवारी राज्यसभा सदस्य आरसीपी सिंह संभाल रहे हैं। इसके संबंध में वही विस्तृत रुप से बता पायेंगे, इसके लिए वही अधिकृत हैं। मंत्रिमंडल विस्तार प्रधानमंत्री जी का विशेषाधिकार है। मुख्यमंत्री मंगलवार को बाढग़्रस्त जिलों का हवाई सर्वेक्षण कर लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि आखों का इलाज कराने के लिए हम दिल्ली गये थे। वहां से लौटने के बाद वे हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। उन्होंन कहा कि पहले के दो टेन्योर में जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम का आयोजन होते रहा था। वर्ष २०१६ में लोक सेवा का अधिकार कानून लागू होने के बाद इसे बंद कर दिया गया।

हमने २०२० के विधानसभा चुनाव के बाद ऐलान किया था कि फिर से जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम शुरू किया जायेगा। कारोना के कारण अभी तक यह शुरू नहीं हो पाया था। अब अगले सोमवार यानी १२ जुलाई से इसकी शुरूआत की जायेगी। पहले जिस प्रकार यह कार्यक्रम होता रहा है उसी प्रकार प्रत्येक महीने में तीन सोमवार को यह कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।