पटना

पटना: 50 प्लस-टू स्कूलों को आईआईटी का सपोर्ट


  • भौतिकी एवं रसायन के लैब बनेंगे उत्कृष्ट, शिक्षकों को मिलेगी ट्रेनिंग
  • पटना के सात स्कूलों के प्रोजेक्ट पर शुरू हुआ काम

(आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। राज्य में पचास प्लस-टू स्कूलों को लैब के मामले में आईआईटी सपोर्ट करेगा। इसके तहत चयनित स्कूलों की भौतिकी एवं रसायन विज्ञान की प्रयोगशालाओं को उपकरणों के साथ ही प्रायोगिक सामग्रियां उपलब्ध करायी जायेंगी। इन स्कूलों के शिक्षकों को प्रायोगिक कक्षाओं के बेहतर संचालन के लिए आईआईटी द्वारा ट्रेनिंग भी दी जायेगी।

पायलट प्रोजेक्ट के रूप में आईआईटी का सपोर्ट जिन पचास प्लस-टू स्कूलों को मिलने वाला है,  वे सभी आदर्श (अनुकरणीय) विद्यालय की सूची वाले हैं। इनमें पटना के सात स्कूल हैं। इनमें बांकीपुर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, शहीद राजेंद्र प्रसाद सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (पटना हाई स्कूल), देवीपद चौधरी स्मारक (मिलर) उच्च माध्यमिक विद्यालय, टी. के. घोष एकेडमी, सर गणेशदत्त उच्च माध्यमिक विद्यालय, श्रीगणेश उच्च माध्यमिक विद्यालय (बख्तियारपुर) एवं आरएसएम रेलवे एडेड उच्च विद्यालय (मोकामा घाट) शामिल हैं।

शिक्षा विभाग की पहल पर इन सातों स्कूलों के प्राचार्यों एवं विज्ञान शिक्षकों की बैठक बुधवार को शहीद राजेंद्र प्रसाद सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (पटना हाई स्कूल) में हुई। इसमें आईआईटी पटना के संकाय सदस्यों के साथ ही माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी शिवनाथ प्रसाद, जिला शिक्षा पदाधिकारी अमित कुमार तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी श्याम नन्दन एवं मनोज कुमार सहित सभी संबंधित अधिकारी शामिल हुए। 11वीं एवं 12वीं कक्षा के भौतिकी एवं रसायन विज्ञान के प्रायोगिक पाठ्यक्रम, उसके आधार पर प्रयोगशालाओं में उपकरणों एवं प्रायोगिक सामग्रियों की आवश्यकता पर आईआईटी पटना के विशेषज्ञों ने  गौर किया। बैठक के बाद आईआईटी पटना के विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने शहीद राजेंद्र प्रसाद सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (पटना हाई स्कूल) की प्रयोगशालाएं भी देखीं।

आपको बता दूं कि आदर्श (अनुकरणीय) विद्यालय की सूची वाले पचास स्कूलों में समस्तीपुर जिले के तीन स्कूलों में विद्यापति उच्च विद्यालय (मउवाजिदपुर दक्षिण), उच्च विद्यालय (सरायरंजन) एवं छत्रधारी उच्च विद्यालय (दलसिंहसराय) शामिल हैं।  इसी प्रकार अररिया के उच्च विद्यालय (अररिया), अरवल के बालिका उच्च विद्यालय (अरवल), औरंगाबाद का अनुग्रह इंटर विद्यालय (औरंगाबाद), बांका के एस. एस. बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय (बांका), बेगूसराय के बीएसएस कॉलेजिएट प्लस-टू विद्यालय (बेगूसराय), भागलपुर के जगदीशपुर प्रखंड के राजकीय बालिका उच्च विद्यालय, भोजपुर के राजकीय बालिका उच्च विद्यालय (आरा), बक्सर के राजकीय बालिका उच्च विद्यालय (चक्की), दरभंगा के प्लस-टू एम. एल. एकेडमी (लहेरियासराय), पूर्वी चंपारण के प्लस-टू इंटर कॉलेज जिला स्कूल (मोतिहारी) एवं राजकीयकृत प्लस-टू उच्चतर विद्यालय (केसरिया), गया के प्लस-टू जिला स्कूल (गया), गोपालगंज के एस. एस. बालिका उच्च विद्यालय (गोपालगंज), जमुई के प्लस-टू उच्च विद्यालय (जमुई), जहानाबाद के सुखदेव प्रसाद वर्मा प्लस-टू स्कूल (टेहटा), कैमूर के एबीएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (भभुआ), कटिहार के प्लस-टू गांधी उच्च विद्यालय (कटिहार), खगडिय़ा के टी.एन. बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (शिरनिया), किशनगंज के बहादुरगंज प्रखंड के प्लस-टू रसेल उच्च विद्यालय, लखीसराय के राजकीय हसनपुर उच्च विद्यालय (लखीसराय), मधेपुरा के मुरलीगंज प्रखंड के राजकीय उच्च विद्यालय, मधुबनी के एसएनएसटीएनजी वाटसन प्लस-टू उच्च विद्यालय (मधुबनी), मुंगेर के बैजनाथ राजकीय बालिका उच्च विद्यालय (मुंगेर), मुजफ्फरपुर के राजकीय जिला स्कूल (मुजफ्फरपुर), नालंदा के राजकीय उच्च विद्यालय राना बिगहा (बिहारशरीफ) एवं राष्ट्रीय महात्मा गांधी उच्च विद्यालय (गुरूशरणपुर, बेन), नवादा के गांधी इंटर विद्यालय (नवादा), पूर्णिया के राजकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (पूर्णिया), रोहतास के शेरशाह इंटर प्लस-टू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सासाराम), सहरसा के प्लस-टू राजकीय उच्च विद्यालय (सहरसा), सारण के राजकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (छपरा), शेखपुरा के डी. एम. मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (शेखपुरा), शिवहर के श्रीनवाब उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (शिवहर), सीतामढ़ी के सीतामढ़ी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (डुमरा) एवं महंथ विवेकानंद गिरि उच्च विद्यालय (मानेचीर, रून्नी सैदपुर), सिवान के वी. एन. उच्च विद्यालय-सह-इंटर कॉलेज (सिवान), सुपौल के राजकीय प्लस-टू उच्च विद्यालय (वीरपुर) एवं प्लस-टू उच्च विद्यालय (विलियम विद्यालय, सुपौल), वैशाली के एसएस बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (हाजीपुर) तथा पश्चिम चंपारण के राजकीय प्लस-टू उच्च विद्यालय (कुमारबाग) आदर्श (अनुकरणीय) विद्यालय के लिए चयनित स्कूलों की सूची में शामिल हैं।