पटना

बिहारशरीफ: पंचायत चुनाव की तैयारी का डीएम ने किया समीक्षा


      • मतदान से लेकर वज्रगृह तथा मतगणना पर हुई चर्चा
      • चुनाव के अलावे मतगणना में भी लगाये जायेंगे महिला कर्मी

बिहारशरीफ (आससे)। पंचायत चुनाव की तैयारी को लेकर जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी योगेंद्र सिंह ने कार्मिक कोषांगों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके साथ हीं उन्होंने संबंधित कोषांगों के अधिकारियों को कई निर्देश भी दिया।

कार्मिक कोषांग से चुनाव में लगाये जाने वाले कर्मियों का डाटाबेस की जानकारी लेते हुए महिला कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की स्थिति तथा आरओ एवं एआरओ के प्रशिक्षण की जानकारी ली। साथ हीं बूथों पर आवश्यक मूलभूत सुविधा मुहैया कराने को कहा। हरेक बूथ के बाहर केंद्र संख्या तथा नामाकरण लेखन के बारे में जानकारी दी और इस कार्य को शीघ्र पूरा करने को कहा।

मतपत्र कोषांग से मतपत्र एवं प्रपत्रें के मुद्रण हेतु प्रेस को चिन्हित करने की जानकारी दी। साथ ही वैलेट बॉक्स की उपलब्धता क्रियाशीलता की स्थिति के बारे में जानकारी ली। साथ हीं रैंडम जांच तथा प्रखंडों में वज्रगृह की स्थिति जहां ईवीएम रखे जायेंगे के बारे में विस्तार से चर्चा की। साथ ही पदवार मतगणना स्थल का चयन तथा रिजर्व ईवीएम को रखने हेतु पंचायतवार कलस्टर के निर्माण की भी समीक्षा की।

आदर्श आचार संहिता के अनुपालन में होर्डिंग, पोस्टर, बैनर आदि के हटाये जाने की समीक्षा करते हुए कर्मियों को प्रशिक्षित करने और दैनिक  प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया। इसके साथ हीं प्रत्येक चरण में प्रपत्र-5 में जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सूचना का प्रकाशन की जानकारी देते हुए कहा कि प्रकाशन के अगले दिन से नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किया जा सकेगा। प्रशिक्षण, प्रेक्षक के आवासन, ईवीएम के उपयोग में लाने हेतु मतपत्र हेतु प्रेस को चिन्हित आदि करने की भी जानकारी ली। इसके साथ हीं पीसीसीपी को कम्यूनिकेशन प्लान उपलब्ध कराने के लिए इसे तैयार करने का निर्देश दिया। मतगणना हेतु मतगणना हॉल, मतगणना कर्मी, पदाधिकारी तथा एक मतगणना महिला सहायक की नियुक्ति की भी समीक्षा की।

डीएम ने चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जब्ती, अंतरजिला, अंतरप्रखंड सीमा को सील करने, मतगणना स्थल पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति तथा कोविड-19 के गाइडलाइन के अनुपालन की भी समीक्षा की। बैठक में नगर आयुक्त अंशुल अग्रवाल, उप विकास आयुक्त वैभव श्रीवास्तव, एडीएम नौशाद आलम के अलावे सभी कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारी उपस्थित थे।