पटना

मोदी, पारस और आरसीपी होंगे केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल


नयी दिल्ली (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 जुलाई को कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, मोदी 2.0 का पहला विस्तार बुधवार को सुबह 11 बजे होगा। कैबिनेट में अभी 28 मंत्री पद खाली हैं और बताया जा रहा है कि 17-22 सांसदों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक मोदी ने 2 दिन तक गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ कैबिनेट विस्तार पर बैठकें की हैं।

बिहार से लोजपा के सांसद पशुपति कुमार पारस और जदयू के आरसीपी सिंह को मंत्री बनाया जा सकता है। बिहार से 2-3 नामों की चर्चा है। इनके अलावा बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी को भी मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है। मध्य प्रदेश से राज्य में भाजपा की सरकार बनाने में अहम रोल निभाने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया मोदी कैबिनेट का नया युवा चेहरा बन सकते हैं। उनके अलावा जबलपुर से भाजपा सांसद राकेश सिंह का भी नाम है।

उत्तर प्रदेश में अपना दल की अनुप्रिया पटेल का नाम सबसे आगे है। अनुप्रिया पिछले महीने दिल्ली जाकर गृह मंत्री अमित शाह से भी मिली थीं। उनके अलावा वरुण गांधी, रामशंकर कठेरिया, अनिल जैन, रीता बहुगुणा जोशी, जफर इस्लाम के नाम के  की गपशप में चर्चा है। महाराष्ट्र से भाजपा सांसद हिना गावित को केंद्र में मंत्री बनाया जा सकता है। भूपेंद्र यादव, पूनम महाजन और प्रीतम मुंडे का नाम भी चर्चा में है।

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे को भी केंद्र में मंत्री बनाया जा सकता है। तीरथ सिंह रावत ने 2 दिन पहले 3 जुलाई को ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था।

इनके अलावा लद्दाख से भाजपा सांसद जामयांग नामग्याल, उत्तराखंड से अजय भट्ट या अनिल बलूनी, कर्नाटक से प्रताप सिन्हा, पश्चिम बंगाल से जगन्नाथ सरकार, शांतनु ठाकुर या निसिथ प्रामाणिक, हरियाणा से बृजेंद्र सिंह, राजस्थान से राहुल कासवान, ओडिशा से अश्विनी वैष्णव, दिल्ली से परवेश वर्मा या मीनाक्षी लेखी का नाम भी शपथ लेने वालों में हो सकता है।