पटना

बिहारशरीफ: पत्नी के साथ हुई छेड़खानी का विरोध करने पर पति की गोली मारकर हत्या


बिहारशरीफ (आससे)। दीपनगर थाना क्षेत्र के गोड़धोबा गांव में छेड़खानी के विरोध में बदमाशों ने  एक व्यक्ति को गोली मार कर हत्या कर दिया। घटना दीपनगर थाना इलाके के गोड़धोवा की है। जहां गोड़धोवा निवासी किशोर यादव का 42 वर्षीय पुत्र अनुज यादव उर्फ कैलू यादव की हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप चचेरा भाई युगल यादव का पुत्र प्रमोद यादव पर लगा है।

मृतका की पत्नी बबिता देवी का आरोप है कि जब वह घर में अकेली थी तो घर में घुसकर प्रमोद यादव ने उसके साथ छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया था। पति जब घर पर लौट कर आया तो बबीता देवी ने इस बात की जानकारी पति को दी। जिसके बाद माहौल तनाव में बदल गया। पति ने जब छेड़खानी का विरोध किया तो  प्रमोद यादव और उसके सगे संबंधी मिलकर देर शाम अनुज यादव के घर के बाहर फायरिंग करते हुए  गोली मार दिया। जिससे अनुज यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश घर से फरार हो गए।

हत्या की सूचना मिलते ही दीपनगर पुलिस मौके पर पहुंच कर घटनास्थल से दो खोखा भी बरामद किया। इस दौरान पुलिस ने  शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लेकर आई। थानाध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि मृतक के पत्नी के साथ छेड़खानी हुई थी उसी का विरोध करने को लेकर अनुज यादव प्रमोद यादव के घर पर विरोध दर्ज करने के लिए गया हुआ था। इसी खुन्नस में प्रमोद यादव ने अपने रिश्तेदार को बुलाकर फायरिंग कर दी जिससे अनुज यादव की गोली लगने से मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि छः लोगो के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।