पटना

बिहार मंत्रिमंडल विस्तार: नहीं जारी हुई मंत्रिपरिषद की लिस्ट


      • भाजपा कार्यालय में लिस्ट का इंजतार करते रहे कार्यकर्ता
      • शाहनवाज और सम्राट चौधरी का मंत्री बनना तय
      • नितिन नवीन और संजीव चौरसिया भी हैं लिस्ट में

पटना (आससे)। बिहार मंत्रिमंडल के विस्तार की घोषणा बुधवार को भी नहीं हुई। मंत्रिमंडल विस्तार की लिस्ट जारी होने की उम्मीद में भाजपा कार्यालय में नेता-कार्यकर्ता देर- शाम तक जमे रहे, किंतु उन्हें निराशा हाथ लगी। पार्टी के वरीय पदाधिकारियों ने बताया कि २४ से ४८ घंटों में सूची जारी हो जायेगी।

मंत्रिमंडल विस्तार के मुद्दे पर दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष, डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद, रेणुदेवी, संगठन महामंत्री नागेन्द्रनाथ और केन्दी्रय मंत्री नित्यानंद राय ने गहन मंथन किया। सूत्रों के अनुसार भाजपा ने लिस्ट फाइनल कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष कल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लिस्ट सौंप देंगे।

मंत्रि परिषद में भाजपा ने भी इस बार अल्प संख्यक और कुशवाहा को तवज्जों देने की योजना बनायी है। विधान पार्षद बने सैयद शाहनवाज हुसेन का मंत्री बनना तय माना जा रहा है। उन्हें नीतीश सरकार में पथ निर्माण मंत्री बनाये जाने की चर्चा गर्म है। वहीं कुशवाहा वर्ग से शकुनी चौधरी के साहेबजादे सम्राट चौधरी के भी मंत्री बनाये जाने की चर्चा है। वे कुशवाहा वर्ग से आते हैं। जनता दल यू ने अपना नया प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा को बनाया है। गठबंधन के प्रमुख दल का अध्यक्ष कुशवाहा समाज से बनाये जाने को लेकर भाजपा भी दवाब में है। पार्टी की दिल्ली बैठक में मंत्रिमंडल में कुशवाहा को प्राथमिकता देने पर गहन मंथन हुआ है।

शाहनवाज हुसैन और सम्राट चौधरी तो मंत्रिमंडल के लिस्ट में टॉप पर हैं ही, उनके अलावा कम-से-कम १० अन्य विधायकों के नाम की चर्चा भी संभावित मंत्रियों में शामिल है। चर्चा है कि भाजपा ने इस बारे में युवा विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह देने की योजना बनायी है। पूर्व मंत्री रामनारायण मंडल, प्रेम कुमार और नंद शिोर यादव को पार्टी ने संगठन के कार्य में लगाने का मन बनाया है, हालांकि पार्टी के शीर्ष पदाधिकारी इसका खुलासा नहीं कर रहे है।

युवा वर्ग से भाजपा इस बार नितिन नवीन और संजीव चौरसिया को नये मंत्रि मंत्रिमंडल में भेज सकती है, हालांकि दोनों के पटना में होने के कारण थोड़ा संशय बना है। एक ही संसदीय क्षेत्र से दो-दो विधायकों को मंत्री बनाये जाने पर अभी से ही तरह-तरह की चर्चा हो रही है। इन दोनों के अलावा भाजपा कोर्ट से प्रमोद कुमार, प्रमोद चंद्रवंशी, नितिश मिश्रा, राणा रणधीर सिंह, नीरज कुमार बबलू, संजय सिंह, संजय सरावगी, भागीरथी देवी कृष्ण कुमार ऋषि और इंजीनियर शैलेन्द्र का नाम भी चर्चा में है।