News TOP STORIES नयी दिल्ली पटना बिहार राजस्थान राष्ट्रीय

राजस्थान की शर्मसार करने वाली घटना को लेकर BJP का कांग्रेस और I.N.D.I.A पर बड़ा हमला –


पटना। बिहार भाजपा ने राजस्थान में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों के महागठबंधन पर हमला बोला है।

भारतीय जनता पार्टी ने सवाल किया है कि क्या कांग्रेस और महागठबंधन राजस्थान में एक गर्भवती महिला को निर्वस्त्र किए जाने की घटना पर कुछ बोलेंगे?

बिहार भाजपा ने वीडियो शेयर किया

बिहार भाजपा ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए कांग्रेस और महागठबंधन में शामिल दलों पर निशाना साधा है।

बिहार भाजपा ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि कांग्रेस और घमंडिया गठबंधन वाले, क्या राजस्थान में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना पर ‘चूं’ भी करेंगे?

भाजपा ने लिखा कि राजस्थान में गर्भवती आदिवासी महिला को निर्वस्त्र करने की घटना बर्बरता का अति है। विश्वभर की घटनाओं पर झट से पत्री लिखने वाली जदयू-राजद और कांग्रेस की हमजोली, क्या राजस्थान और बिहार की महिलाओं को महिला में गिनती नहीं करती?

भाजपा ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा है कि अगर मानवता का अंश मात्र भी बचा है तो तुरंत इस घटना पर दो टूक में जवाब दें। नहीं तो इंसानियत भी धिक्कारेगी।

यह है पूरा मामला

राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में शुक्रवार की शाम को एक वीडियो प्रसारित हुआ है। इस वीडियो में एक आदिवासी महिला को उसका पति निर्वस्त्र करता हुआ दिखाई दे रहा है। यह घटना गुरुवार की बताई जा रही है।

आरोप है कि पीड़ित महिला को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया गया था। इधर, पुलिस ने इस वीडियो के वायरल होने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए, तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।

जानकारी मिली है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी पुलिस से बचने के क्रम में भागते समय घायल हो गए। इसके बाद आरोपियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए छह टीमें बनाई गई थीं।

पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की, इसमें 10 लोगों को नामजद किया था। वहीं, इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी अपनी राजस्थान इकाई से रिपार्ट मांगी है।

राजस्थान के डीजीपी ने क्या कहा?

राजस्थान के डीजीपी उमेश मिश्रा ने मामले को लेकर कहा कि प्रतापगढ़ जिले में पीहर और ससुराल पक्ष के आपसी पारिवारिक विवाद में ससुराल पक्ष के लोगों का कृत्य घोर निंदनीय है। सख्त कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।