पटना

वैक्सीनेशन महाअभियान में राज्य में टॉप पर रहा नालंदा


लक्ष्य 86000 वैक्सीन देने का जिसके विरुद्ध 81810 डोज यानी 96 फीसदी उपलब्धि की हासिल

बिहारशरीफ (नालंदा)। राज्य सरकार द्वारा कोविड टीकाकरण के लिए रविवार को महाअभियान चलाया गया था। इस महाअभियान में नालंदा जिला सूबे में अव्वल रहा। नालंदा ने राज्य द्वारा दिये गये लक्ष्य का 96 फीसदी उपलब्धि हासिल की, जो अन्य जिलों के उपलब्धि से काफी अधिक रहा। संख्या के मामले में भले हीं राज्य के कुछ जिले नालंदा से आगे रहे, लेकिन दिये गये लक्ष्य के प्रतिशत के मामले में नालंदा अव्वल रहा। जिले को 86 हजार वैक्सीन लगाने का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरुद्ध नालंदा में 81810 डोज वैक्सीन दिया गया।

नालंदा के जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने महाअभियान की सफलता को लेकर स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की थी और हर हाल में मुख्यालय द्वारा दिये गये लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया गया था। अभियान को गति देने का जिम्मेवारी उप विकास आयुक्त को सौंपा गया था। महाअभियान में नालंदा जिला ने लक्ष्य को लगभग प्राप्त किया। 96 फीसदी उपलब्धि हासिल की, जबकि अन्य जिला उपलब्धि हासिल करने में 90 फीसदी भी नहीं पहुंच सका।

नालंदा जिले में 369 सेशन प्लान किया गया था और इसी के भरोसे लक्ष्य को लगभग करीब तक पहुंचाया गया। जिले में अब तक लक्ष्य का 70.4 फीसदी डोज दिया जा चुका है। जिले में 2908979 डोज वैक्सीन देने का लक्ष्य रखा गया था, जिसके विरुद्ध बीते कल तक 2049333 डोज वैक्सीन दिया गया था और इसके बाद आज 81810 डोज वैक्सीन दिया गया। इस प्रकार जिले में आज तक 2131143 डोज वैक्सीन दिया जा चुका है। बीते कल तक 1400982 लोगों को पहला तथा 648351 लोगों को वैक्सीन का दूसरा डोज दिया जा चुका था। इसमें महाअभियान में रविवार को दिये गये वैक्सीन शामिल नहीं है। महाअभियान में वैक्सीन देने के मामले में दूसरे नंबर पर सहरसा रहा, जहां लक्ष्य का 75 फीसदी वैक्सीन दिया जा सका।