News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

चुनाव आयोग आज गुजरात, हिमाचल के लिए चुनाव कार्यक्रम की कर सकता है घोषणा


नई दिल्ली, चुनाव आयोग (ईसी) शुक्रवार को गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है। चुनाव आयोग ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। गुजरात विधानसभा का कार्यकाल 18 फरवरी, 2023 को समाप्त होगा जबकि हिमाचल सदन का कार्यकाल 8 जनवरी, 2023 को समाप्त होगा। 182 सीटों वाली गुजरात विधानसभा में फिलहाल 111 बीजेपी और 62 कांग्रेस विधायक हैं। पिछले महीने मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए गुजरात और हिमाचल का दौरा किया था। 14वीं गुजरात विधानसभा चुनाव 9 दिसंबर और 14 दिसंबर 2017 को विधान सभा के सदस्यों (एमएलए) का चुनाव करने के लिए आयोजित किया गया था। 

  • 02:35 PM, 14 Oct 2022

    Gujarat Vidhan Sabha Election 2022 : क्या कहते हैं आंकड़े

    साल 2017 के विधानसभा चुनावों के आंकड़ों पर नजर डालें तो भाजपा को 99 सीटों पर जीत हासिल हुई थी जबकि 2012 में उसने 115 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा को हुए नुकसान के पीछे कई कारणों को जिम्मेदार ठहराया गया था। इन वजहों में जीएसटी के खिलाफ लोगों का गुस्सा, पाटीदार आंदोलन और सौराष्ट्र क्षेत्र में कृषि संकट भी शामिल था। हालांकि भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनावों में किसानों पर पूरा फोकस किया था।

  • 02:34 PM, 14 Oct 2022

    इस बार भी किसानों का मुद्दा रहेगा हावी

    विश्‍लेषकों की मानें तो इस बार भी विधानसभा चुनाव में किसानों का मुद्दा हावी रहेगा। यही वजह है कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस किसानों के मुद्दों को उठा रहे हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि किसानों को राज्य और केंद्र की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

  • 02:29 PM, 14 Oct 2022

    Gujarat Vidhan Sabha Election 2022 : AAP गुजरात में देख रही अपना फायदा

    पंजाब विधानसभा चुनाव में भारी जीत के बाद AAP की नजर गुजरात में भी बड़ी पैठ बनाने की है। दिल्ली के सीएम और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अब तक गुजरात में कई रैलियां की हैं। पार्टी दिल्ली के अपने सफल माडल को भुनाने की कोशिश कर रही है और गुजरात में मुफ्त बिजली और अच्छी शिक्षा का वादा कर रही है। गुजरात में AAP पिछले विधानसभा चुनाव में अपना खाता नहीं खोल पाई थी।

  • 02:25 PM, 14 Oct 2022

    Gujarat Vidhan Sabha Election 2022 : 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिली थी 99 सीटें

    जब 2017 के विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हुए थे, तब बीजेपी को 99 सीटों पर जीत मिली थी। हालांकि उसके बाद से कई और विधायक पार्टी में शामिल हो गए हैं। वर्तमान में विधानसभा में उसके 111 विधायक हैं।

  • 01:50 PM, 14 Oct 2022

    Gujarat Vidhan Sabha Election 2022 : गुजरात में क्या था पिछले चुनाव का गणित

    गुजरात में कुल 182 सीटें हैं, जिसमें से 40 सीटें आरक्षित हैं। 13 सीटें अनुसूचित जाति (एससी) के लिए और 27 सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित हैं। पिछले विधानसभा चुनाव की बात की जाए तो भाजपा को 99 सीटें मिली थीं, वहीं कांग्रेस के खाते में 77 सीटें आई थीं। दो सीटें भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) और एक सीट NCP को मिली थी। बाकी तीन सीटों पर निर्दलीय जीते थे।

  • 01:49 PM, 14 Oct 2022

    Himachal Pradesh Vidhan Sabha Election 2022: हिमाचल प्रदेश में क्या है सीटों का गणित

    हिमाचल प्रदेश विधानसभा में 68 सीटें हैं। 2017 में इतनी ही सीटों पर चुनाव हुए थे। तब राज्य की 17 विधानसभा सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित थीं, जबकि तीन सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित थीं। राज्य में 48 विधानसभा सीटें सामान्य वर्ग के लिए थीं। पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 44, कांग्रेस ने 21 और अन्य ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की थी।