News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Delhi MCD Election : कटेवारा गांव ने किया नगर निगम चुनाव का बहिष्कार, बोले- पहले बुनियादी सुविधाएं दें


नई दिल्ली, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के लिए मतदान रविवार सुबह आठ बजे से शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। वोटिंग के लिए दिल्ली में कुल 13,665 बूथ केंद्र बनाए गए हैं। दिल्ली पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक अब तक कहीं से भी कोई गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली है।

ड्रोन से नजर रख रही पुलिस

दिल्ली के जिन 56 अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर चुनाव हो रहा है, वहां दिल्ली पुलिस ड्रोन से लगातार नजर बनाए हुए है। पहली बार दिल्ली पुलिस ने किसी चुनाव में इतनी बड़ी संख्या में ड्रोन का इस्तेमाल किया है। तड़के तीन बजे से अब तक दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को 46 कॉल मिली हैं। जिसमें आम आदमी पार्टी द्वारा शराब बांटने, पैसे बांटने और बीजेपी द्वारा भी पैसे बांटने की कॉल मिली है। लेकिन पुलिस जब मौके पर पहुंची तब वहां ऐसा कुछ नहीं मिला।

महरौली में आप और बीजेपी के बीच झगड़े की कॉल मिली। एसएचओ ने मामले को शांत करा दिया। अब तक कोई ऐसी बड़ी काल नहीं मिली है, जिसमें पुलिस को एक्शन लेना पड़े।

आयोग से वोटरों को मिली है मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति

राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निगम चुनाव में वोटरों को मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति दी है। इस बाबत आयोग ने शनिवार को आदेश जारी कर सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को कहा है कि चुनाव में लगे सुरक्षाकर्मियों आदि को इस बारे में अवगत करा दें। ताकि वोटरों को कोई असुविधा न हो।

  • 03:37 PM, 04 Dec 2022

    कटेवारा गांव के लोगों ने किया MCD चुनाव का बहिष्कार

    उत्तर पश्चिम जिले के कटेवारा गांव के लोगों का कहना है कि गांव में उचित सड़क, नालियां जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं होने के कारण उन्होंने एमसीडी चुनाव का बहिष्कार किया है। उनका कहना है कि जब तक अधिकारी हमारी शिकायत नहीं सुनेंगे, हम वोट नहीं देंगे।

  • 03:26 PM, 04 Dec 2022

    MCD में भी होगा भाजपा का कब्जा- केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर

    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम चुनाव, गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में तीनों जगह कमल खिलेगा। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भाजपा की फिर से सरकार बनेगी और MCD में भी भाजपा की सरकार बनेगी।

  • 03:13 PM, 04 Dec 2022

    नेताओं का इतिहास जानकर कर वोट कर रहे मतदाता

    इस बार के दिल्ली नगर निगम चुनाव में मतदाता साफ-सफाई, प्रदूषण के अलावा इंटरनेट मीडिया पर नेताओं के इतिहास को जानकर मतदान कर रहे हैं ।

  • 02:38 PM, 04 Dec 2022

    दिल्ली MCD चुनावः दोपहर 2 बजे तक हुआ 30 प्रतिशत मतदान

    राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए दोपहर दो बजे तक करीब 30 प्रतिशत मतदान हुआ है।

  • 01:49 PM, 04 Dec 2022

    मतदान केंद्र में बदलाव से मतदाताओं में भ्रम की स्थिति

    नगर निगम चुनाव में अब तक कम वोट पड़ने का एक कारण परिसीमन की वजह से मतदाताओं के मतदान केंद्र में बदलाव होना भी है। परिसीमन में हुए बदलाव के कारण वोटर के घर से मतदान केंद्र की दूरी बढ़ गई है और बड़े पैमाने पर लोगों को इस संबंध में जानकारी भी नहीं है।

    कुरेश नगर में लोगों का मत पहले बल्लीमारान स्थित एक स्कूल में था, जिसे अब लाहौरी गेट के पास कर दिया है। वहीं फतेहपुरी मस्जिद के पास बने मत केंद्र को भी लाहौरी गेट के पास कर दिया है। इसके कारण मतदाताओं में भ्रम की स्थिति है।

  • 01:45 PM, 04 Dec 2022

    भाजपा नेता आदेश गुप्ता ने पत्नी संग डाला वोट

    भाजपा नेता आदेश गुप्ता ने पत्नी संग डाला वोट

    नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा नेता आदेश गुप्ता ने पत्नी अनुराधा गुप्ता के साथ मध्य दिल्ली के पटेल नगर मतदान केंद्र पर वोट डाला। इस दौरान उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में बूथ पहुंचकर मतदान करने की अपील की।

  • 01:27 PM, 04 Dec 2022

    BJP सांसद गौतम गंभीर ने पत्नी संग डाला वोट

    BJP सांसद गौतम गंभीर ने पत्नी संग डाला वोट

    दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के लिए ओल्ड राजेन्द्र नगर में भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने अपनी पत्नी के साथ मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा, “हमारे पास टैक्स पेयर के हजारों करोड़ रुपए नहीं हैं जो हम अपनी राजनीति चमकाने के लिए लगाएं, हमारे पास सच्चाई है। प्रधानमंत्री ने 3000 से ज्यादा जहां झुग्गी वहीं मकान दे दिए अगर ये दिल्ली सरकार ने किया होता तो 3 लाख का प्रचार करते।”

  • 01:02 PM, 04 Dec 2022

    पुरानी दिल्ली: मुस्लिम महिलाएं ने किया मतदान

    पुरानी दिल्ली: मुस्लिम महिलाएं ने किया मतदान

    पुरानी दिल्ली स्थित आसफ अली रोड के एक स्कूल में मतदान करने के बाद उंगली पर लगी स्याही दिखाती मुस्लिम महिलाएं।

  • 12:49 PM, 04 Dec 2022

    दिल्लीवासियों के पास वोटिंग रिकॉर्ड बनाने का मौका

    नगर निगम चुनाव में दिल्ली के मतदाताओं के पास रिकॉर्ड बनाने का अवसर है। दिल्ली नगर निगम में अब तक अधिकतम 54 प्रतिशत तक मतदान हुआ है। ऐसे में अगर सभी मतदाता मतदान करने आएं तो वे नया रिकार्ड बना सकते हैं।

  • 12:39 PM, 04 Dec 2022

    दिल्ली के लोगों को झूठ से निजात चाहिए- BJP नेता मनजिंदर सिंह

    भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाबी बाग एक्सटेंशन में पिंक पोलिंग बूथ मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा, “जैसे पूरा देश तरक्की कर रहा है वैसे ही दिल्ली भी तरक्की करे, इसके लिए लोगों को मतदान करने की जरूरत है। दिल्ली के लोगों को झूठ और फरेब से निजात चाहिए।”

  • 12:32 PM, 04 Dec 2022

    MCD Elections: दोपहर 12 बजे तक पड़े 18 प्रतिशत वोट

    राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए दोपहर बारह बजे तक 18 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया है।

  • 12:29 PM, 04 Dec 2022

    सालवान पब्लिक स्कूल में बने मतदान केंद्र पर हुई 11% वोटिंग

    दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित सालवान पब्लिक स्कूल में बने मतदान केंद्र पर दोपहर 12 बजे तक 11 प्रतिशत वोटिंग हुई है।

  • 12:16 PM, 04 Dec 2022

    मतदाता सूची से काटे गए भाजपा समर्थित 450 वोटरों के नाम- मनोज तिवारी

    भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “सुभाष मोहल्ला वार्ड में बीजेपी का समर्थन करने वाले 450 वोटरों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं। यह दिल्ली सरकार की एक बड़ी साजिश है, इसके खिलाफ शिकायत करेंगे और इस चुनाव को रद्द करने और फिर से चुनाव कराने की अपील करेंगे।

  • 12:07 PM, 04 Dec 2022

    MCD Elections: हमें जनता पर पूरा भरोसा- केंद्रीय मंत्री मिनाक्षी लेखी

    केंद्रीय मंत्री मिनाक्षी लेखी ने कहा, “हमें जनता पर पूरा भरोसा है, हमने क्षेत्र में जनता की सेवा की है। हर मुद्दे के ऊपर काम किया है। मैं केजरीवाल जी के बयान से सहमत हूं कि ईमानदार पार्टी को ही वोट करना चाहिए, क्योंकि जिस प्रकार मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अन्य मंत्री हैं उनका रिकॉर्ड तो जनता के सामने है।”

  • 11:39 AM, 04 Dec 2022

    शादी के मंडप से सीधे मतदान केंद्र पहुंचे दूल्हा-दुल्हन

    शादी के मंडप से सीधे मतदान केंद्र पहुंचे दूल्हा-दुल्हन

    दिल्ली नगर निगम चुनाव (Delhi MCD Election 2022) के लिए वोट डालने दूल्हा-दुल्हन शादी के मंडप से सीधे दान केंद्र पहुंचे। बता दें कि सुधीर राणा (दूल्हा) उत्तर प्रदेश के बिजनौर से शादी कर बुराड़ी स्थित अपने आवास पर जाने से पहले पत्नी संग मतदान करने पहुंचे।

  • 11:33 AM, 04 Dec 2022

    ये चुनाव दिल्ली के लिए वेक-अप कॉल- केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह

    केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, “ये चुनाव दिल्ली के लिए वेक-अप कॉल है। वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाना है…हाल ही में एक रिपोर्ट आई है कि अगले 4-5 साल में हम तीसरे(अर्थव्यवस्था) स्थान पर जा रहे हैं। इसलिए हमें ये भी देखना होगा कि हम राजनीति के किस को ब्रांड चुन रहे हैं।”

  • 11:26 AM, 04 Dec 2022

    MCD Elections 2022: सुबह 10:30 बजे तक 9 प्रतिशत मतदाताओें ने डाला वोट

    राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के लिए सुबह 10:30 बजे तक करीब 9 प्रतिशत मतदाताओें ने मतदान किया है।

  • 11:13 AM, 04 Dec 2022

    Delhi MCD Election: सीएम केजरीवाल ने परिवार के साथ किया मतदान

    Delhi MCD Election: सीएम केजरीवाल ने परिवार के साथ किया मतदान

    दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने परिवार के साथ राजपुर रोड स्थित बूथ पहुंचकर मतदान किया। मतदान करने के बाद सीएम केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की जनता से अपील करता हूं कि ज्यादा से ज्यादा वोट करने निकलें। दिल्ली में चारों ओर कूड़ा ही कूड़ा है। दिल्ली को साफ-सुथरा बनाने वालों को वोट दें। जो पार्टी ईमानदार है उसे वाट दें। शरीफ और अच्छे लोगों को वोट दें, भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी, लफंगई, गाली-गलौज करने वालों को वोट न दें। दिल्ली को कूड़ा करने वालों को वोट न दें। उन्हें वोट दें, जो दिल्ली को चमकाएंगे, साफ सुथरा करेंगे, काम रोकने वालों को वोट न दें, काम करने वालों को वोट दें।

  • 11:05 AM, 04 Dec 2022

    दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष का वोटर लिस्ट में नाम नहीं

    दिल्ली स्थित केंद्र पर मतदान करने पहुंचे दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल चौधरी का नाम वोटर लिस्ट में नहीं था, जब उन्होंने इस बात की शिकायत निर्वाचन आयोग से की तो यह बताया गया कि उनका वोट शिफ्ट कर दिया गया है।

  • 10:26 AM, 04 Dec 2022

    Delhi MCD Chunav 2022: बाड़ा हिंदूराव में 106 वर्ष की बुजुर्ग महिला ने किया मतदान

    Delhi MCD Chunav 2022: बाड़ा हिंदूराव में 106 वर्ष की बुजुर्ग महिला ने किया मतदान

    दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है। इसी कड़ी में बाड़ा हिंदूराव स्थित मतदान केंद्र में 106 वर्ष की बुजुर्ग महिला ने मतदान किया।

  • 10:19 AM, 04 Dec 2022

    Delhi MCD Election 2022: कूड़े के पहाड़ साफ करने के लिए करें मतदान- सिसोदिया

    दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया। सिसोदिया ने मतदान के बाद कहा कि दिल्ली के मतदाता बहुत जागरूक हैं। अपना भला-बुरा समझते हैं। अपने मताधिकार का उपयोग इसबार कूड़े के पहाड़ और गंदगी, भ्रष्टाचार को साफ करने के लिए करें। लोगों ने दिल्ली सरकार का कामकाज देखा है।

    उन्होंने कहा कि एमसीडी का काम है साफ-सफाई, लोकल पार्क का विकास, गलियों का रख-रखाव है, लोग यह समझ रहे हैं। आरडब्ल्यूए ने नगर निगम की भूमिका लोगों से चंदा लेकर निभाई है। इसे नगर निगम के साथ मिलाकर चलना हम सभी की जिम्मेदारी है।

  • 10:05 AM, 04 Dec 2022

    MCD चुनाव: बीमार होने के बाद भी मतदान के लिए उत्साह

    MCD चुनाव: बीमार होने के बाद भी मतदान के लिए उत्साह

    मौजपुर निवासी अशोक कुमार शर्मा को कुछ महीने पहले पैरालिसिस का अटैक पड़ा था। उसके बाद से वह ठीक तरह से न तो चल पाते हैं न ही बोल पाते हैं। फिर भी वह निगम चुनाव में मतदान करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि विकास के लिए वोट किया है।

  • 09:50 AM, 04 Dec 2022

    ड्रोन से मतदान केंद्रों की निगरानी कर रही पुलिस

    दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में सुरक्षा को लेकर मतदान केंद्रों और संवेदनशील स्थानों की ड्रोन से निगरानी की जा रही है।

  • 09:44 AM, 04 Dec 2022

    Delhi MCD Election 2022: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष का मतदान सूची में नहीं मिल रहा नाम

    एमसीडी चुनाव के लिए दल्लूपुरा स्थित केंद्र पर मतदान करने पहुंचे दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल चौधरी का मतदान सूची में नाम नहीं मिल रहा है। वहीं, उनकी पत्नी शशि बाला ने मतदान किया। हालांकि अभी उनका नाम सूची में तलाश किया जा रहा है।

    इस संबंध में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा, “मेरा नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, मेरी पत्नी ने वोट डाला है। अभी तक ना मुझे लिस्ट के बारे में बताया जा रहा है ना मेरा नाम दिख रहा है, मैं अभी औपचारिक जानकारी का इंतजार कर रहा हूं।”

  • 09:28 AM, 04 Dec 2022

    युवा मतदाताओं में दिख रहा उत्साह

    युवा मतदाताओं में दिख रहा उत्साह

    एमसीडी चुनाव में पहली बार मतदान करने वाली छात्रा सोनम ने कहा कि मैं आज पहली बार मतदान करने आई हूं, इसे लेकर मैं उत्साहित हूं। जितना जरूरी इस देश में रहना है, उतना ही जरूरी हमें देश को और बेहतर करने की दिशा में मतदान करना है। मेरे लिए इस चुनाव में महिला सुरक्षा, सफाई, सड़के बनवाना प्राथमिकता है।

  • 09:19 AM, 04 Dec 2022

    MCD चुनाव में भाजपा को मिल रही 210 सीटें: प्रवेश वर्मा

    भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) गोवा, उत्तराखंड और यूपी में सरकार बनाने का दावा कर रही थी, लेकिन लोग जानते हैं कि उन्हें झूठ बोलने की आदत है। COVID के दौरान, AAP का कोई भी व्यक्ति लोगों के लिए काम करते नहीं देखा गया। लोगों के साथ केवल एमसीडी के कार्यकर्ता ही खड़े थे। एमसीडी चुनाव में हमें 250 में से करीब 210 सीटें मिल रही हैं।

    /

  • 09:16 AM, 04 Dec 2022

    भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने किया मतदान

    एमसीडी चुनाव के लिए भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने अपनी पत्नी के साथ रविवार सुबह मटियाला गांव पोलिंग बूथ पहुंचकर मतदान किया।

  • 09:11 AM, 04 Dec 2022

    MCD चुनाव: सिसोदिया बोले- 1.5 करोड़ वोटर सफाई के मुद्दे पर वोट दें

    दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि 1.5 करोड़ लोग निगम के लिए अपनी सरकार चुनेंगे। MCD का काम है दिल्ली का कूड़ा साफ करना, व्यापारियों को इमानदारी से लाइसेंस देना, गलियां बनवाना, पार्कों की सफाई करवाना है। आप अपना वोट यह सोच कर दें कि आप वोट दिल्ली को साफ, स्वच्छ रखने के लिए दे रहे हैं।

  • 08:56 AM, 04 Dec 2022

    कांग्रेस नेता अनिल चौधरी ने कालका माई के दरबार में टेका मत्था

    दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने आज मतदान से पहले अपनी पत्नी के साथ कालका माई के दरबार में मत्था टेका और सभी दिल्लीवासियों की खुशहाली के लिए मंगल कामना की।

  • 08:52 AM, 04 Dec 2022

    भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने किया मतदान

    भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने किया मतदान

    एमसीडी चुनाव के लिए भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने रविवार सुबह मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला। इस दौरान उन्होंने लोगों से दिल्ली की छोटी सरकार चुनने के लिए अपना वोट जरूर डालने की अपील की।

  • 08:44 AM, 04 Dec 2022

    सीएम केजरीवाल ने की ईमानदार सरकार चुनने की अपील

    दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एमसीडी चुनाव को लेकर मतदाताओं से ईमानदार सरकार चुनने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “साफ-स्वच्छ और सुंदर दिल्ली बनाने के लिए आज मतदान है, नगर निगम में एक भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनाने के लिए मतदान है। सभी दिल्लीवासियों से मेरी अपील- दिल्ली नगर निगम में एक ईमानदार और काम करने वाली सरकार बनाने के लिए आज अपना वोट डालने जरूर जाएं।”

  • 08:17 AM, 04 Dec 2022

    मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल नहीं ले जाने दे रहे पुलिसकर्मी

    एमसीडी चुनाव में कुछ मतदान केंद्रों से ऐसी खबरें भी आ रही हैं कि चुनाव आयोग के आदेश के बावजूद पुलिसकर्मी मतदाताओं को मोबाइल फोन पोलिंग बूथ के अंदर नहीं ले जाने दे रहे हैं। पुलिसकर्मियों का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई निर्देश नहीं मिला है।

  • 07:56 AM, 04 Dec 2022

    मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे वोटर्स

    मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे वोटर्स

    दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए द्वारका के सेक्टर- 22 में मतदान केंद्र के लिए जाते हुए बुजुर्ग वोटर्स।

  • 07:40 AM, 04 Dec 2022

    मतदान से पहले की गई मॉक पोलिंग

    दिल्ली में नगर निगम चुनाव के लिए मतदान 8 बजे से शुरू होगा। मतदान से पहले मॉक पोलिंग की गई। तस्वीरें मटियाला गांव मतदान केंद्र की है।

  • 06:31 AM, 04 Dec 2022

    सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

    दिल्ली MCD चुनाव के लिए आज सुबह आठ बजे से मतदान शुरू होंगे। मतदान के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया गया है। लक्ष्मी नगर की एक सरकारी स्कूल, एम.सी. प्राइमरी स्कूल पर सुरक्षा कर्मी तैनात हैं।

  • 06:23 AM, 04 Dec 2022

    1,45,05,358 मतदाता करेंगे 1349 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

    दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए 1,45,05,358 मतदाता कुल 1349 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इसमें 7893418 पुरुष मतदाता हैं, जबकि 6610879 महिला मतदाता हैं। अन्य श्रेणी में आने वाले मतदाताओं की संख्या 1061 है। एमसीडी चुनाव में पहली बार कुल 95458 मतदाता मतदान में हिस्सा लेने जा रहे हैं। वहीं, 100 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 229 है। जबकि 80 से 100 वर्ष की आयु के बीच के मतदाताओं की संख्या 2.04 लाख के करीब है।

  • 05:45 AM, 04 Dec 2022

    1349 प्रत्याशी आजमा रहे अपनी किस्मत

    दिल्ली के कुल 250 वार्डों पर 1349 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। नगर निगम चुनाव की आचार संहिता चार नवंबर को लागू हुई थी, जबकि सात नवंबर को चुनाव अधिसूचना के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई थी।

  • 05:40 AM, 04 Dec 2022

    सुबह आठ बजे से शुरू होगा मतदान

    दिल्ली नगर निगम के लिए मतदान सुबह आठ बजे शुरू होगा। दिल्ली में कुल 13638 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 68 आदर्श मतदान केंद्र और 68 पिंक मतदान केंद्र हैं।