News TOP STORIES उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

UP Urban Election : पीलीभीत में नगर निकाय चुनाव में 40 मुस्लिमों ने मांगा भाजपा से टिकट


पीलीभीत, । नगर निकाय चुनाव में विभिन्न पदों के लिए 40 मुस्लिम दावेदारों ने भारतीय जनता पार्टी में टिकट के लिए आवेदन किया है। इनमें से अधिकतर पसमांदा मुस्लिम समाज से हैं। इस जिले में पसमांदा मुस्लिम की काफी आबादी है और भाजपा इस समाज में अपनी घुसपैठ बनाने में कामयाब होती दिख रही है।

जिले में तीन नगर पालिका परिषद तथा सात नगर पंचायत हैं। इनमें से नवगठित नौगवां पकड़िया नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मो. हनीफ अंसारी व मो. अशरफ ने भाजपा में टिकट की दावेदारी करते हुए आवेदन जमा किए हैं। न्यूरिया नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मो. आतिश ने आवेदन किया है।

जहानाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पूर्व चेयरमैन यामीन खान ने भाजपा में टिकट की दावेदारी करते हुए आवेदन जमा किया है। इनके अलावा नगर पालिका परिषदों में वार्ड सभासद पदों के लिए भी पसमांदा मुस्लिम समाज के दावेदारों ने टिकट के लिए अपने आवेदन किए हैं। मुस्लिम संप्रदाय के कुल 40 दावेदारों ने नगर निकायों में अध्यक्ष व वार्ड सभासद पद का चुनाव लड़ने के लिए भाजपा से टिकट मांगा है।

पसमांदा समाज के लोगों का अब भाजपा की ओर झुकाव हो रहा है। इसका प्रमुख कारण यह है कि इस समाज के लोगों ने अभी तक अपने संप्रदाय के जिन नेताओं पर भरोसा दिया, वे धोखा देते रहे। सामाजिक न्याय नहीं मिला। इसीलिए पसमांदा मुस्लिमों का भाजपा की ओर झुकाव हो रहा है। तराई के इस जिले में 100 मुसलमानों के बीच करीब 80 पसमांदा समाज से आते हैं।

परवेज हनीफ, अध्यक्ष, आल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज

पार्टी निष्ठावान कार्यकर्ताओं को नगर निकाय चुनाव में टिकट देगी। वह चाहे हिंदू हो अथवा मुस्लिम संप्रदाय का कोई कार्यकर्ता, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। सबसे आवश्यक पार्टी के प्रति निष्ठावान होने के साथ ही जनता के बीच अच्छी छवि होनी चाहिए।

संजीव प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष, भाजपा