Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

कमरे में फंदे पर लटके मिले दंपती के शव, बड़ा भाई पत्नी सहित फरार; मायका पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप


बदायूं। बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव नगला तरऊ के एक घर में दंपती के शव फंदे पर लटके मिले। महिला के मायके पक्ष ने परिवार के लोगों पर ही हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मान रही है।

गांव नगला तरऊ निवासी श्रीपाल के दो बेटे थे। बड़ा बेटा रूपेश मजदूरी तो छोटा बेटा मनोज राजमिस्त्री का काम करता था। दोनों के पास 25 बीघा जमीन है। वह दोनों एक ही घर में अलग−अलग कमरे में अपनी पत्नी के साथ रहते थे। दोनों भाइयों के बीच दो दिन पहले विवाद हुआ था।

कमरे में देखा तो फंदे पर लटके थे शव

पिता श्रीपाल के अनुसार सुबह दस बजे तक जब उनका छोटा बेटा मनोज और उसकी पत्नी रंजना कमरे से बाहर नहीं निकले तो अंदर झांककर देखा जहां उनके शव फंदे पर लटके मिले। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। शव मिलने के बाद से बड़ा भाई रूपेश अपनी पत्नी समेत फरार है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।