Latest News नयी दिल्ली महाराष्ट्र

मुंबई में बड़ा हादसा, चार मंजिला इमारत की बालकनी ढही; एक की मौत और 13 घायल


मुंबई। पिछले 72 घंटों में मुंबई में हो रही मूसलाधार बारिश आफत बन गई है। महानगर के ग्रांट रोड स्टेशन के पास एक पुरानी इमारत की बालकनी और स्लैब ढहने से एक महिला की मौत हो गई और 13 लोग घायल हुए हैं। यह जानकारी बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के आपदा नियंत्रण विभाग ने साझा की है।

चार मंजिला इमारत की बालकनी ढही

घटना सुबह करीब 11 बजे की है। दरअसल, ग्रांट रोड स्टेशन के पास स्थित रुबिनिसा मंजिल इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल की बालकनी और स्लैब का एक हिस्सा ढह गया। अभी एक हिस्सा लटका है। यह इमारत चार मंजिला है। इसकी सबसे ऊपरी मंजिल पर सात से आठ लोग फंसे थे। मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और नागरिक कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य जारी किया।

रात से ही हो रही भारी बारिश

करीब एक घंटे बाद एक शव निकाला गया। वहीं घायलों को नजदीक के भाटिया अस्पताल ले जाया गया। बीएमसी आपदा नियंत्रण ने कहा कि मलबे में अभी कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। बता दें कि यह मुंबई में इस मानसून सीजन की पहली बड़ी मकान दुर्घटना है। बता दें कि शुक्रवार-शनिवार मध्यरात्रि से मुंबई में भारी बारिश हो रही है।