पुलिस अधीक्षक सहित कई अफसर पहुंचे, कई लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस ने शुरू की पूछताछ
पास के मकान की छत पर मिले खून के निशान, जांच में जुटी पुलिस
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के सिधारी हाइडल चौराहा से थोड़ी दूर पर ही 7 वर्षीय बालक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने अपहरण कर हत्या का आरोप लगाया है, जिसकी पुष्टि पास के मकान की छत में मिले खून से भी हो गई।
बताया जा रहा है कि सिधारी के पठान टोली निवासी मुकर्रम अली का पुत्र शाजेब अली एक दिन पूर्व घर के सामने खड़ा था और अचानक लापता हो गया। उसके लापता होने का पोस्ट भी लगाया गया था। सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था। पुलिस को भी सूचना दी गई थी। पुलिस भी जानकारी करने में जुटी थी। परिजन खोजबीन में लगे हुए थे। इसी दौरान गुरुवार को सुबह शाजेब की लाश मिलने से सनसनी मच गई। भीड़ वाले इलाके के समीप लाश मिलने से लोगों का हुजूम जुट गया। दुकान खुलने के समय जानकारी होने पर और भी ज्यादा भीड़ हो गई। सूचना के बाद मौके पर एसपी और एएसपी ग्रामीण चिराग जैन के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स पहुंच गई। लोगों को किनारे हटाया गया। पुलिस लगातार लोगों को कंट्रोल कर रही थी। जांच पड़ताल में जुटी हुई थी। परिजनों से जानकारी की जा रही थी। फिलहाल मामले में जांच पड़ताल जारी थी।
इस बारे में एएसपी ग्रामीण ने बताया कि बुधवार की शाम लगभग सात बजे बालक के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली थी। परिवार वालों ने पूछताछ में कोई संकेत नहीं दिया थाा। पुलिस अपने स्तर से पता लगाने में जुटी थी कि सुबह सात बजे बताया गया कि अज्ञात नंबर से फिरौती मांगी गई है। एसओजी और सर्विलांस टीम उस नंबर को ट्रेस करने में जुटी थी कि चार घंटे बाद लगभग 11 बजे बोरी में शव मिलने की जानकारी प्राप्त हुई। चिराग जैन ने बताया कि प्रारंभिक छानबीन में पास के मकान की छत पर खून मिले हैं और जिस पर शक है वह सभी फरार हैं। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। जल्द ही हत्या के कारणों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह पता चल जाएगा कि हत्या किस तरीके से की गई है।
————–




