Latest News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

प्रधानमंत्री ने किसानों के लिए किया दो बड़ी योजनाओं का लोकार्पण


३५ हजार करोड़से अधिककी दी सौगात, बोले- किसानोंका बदलेगा भाग्य

नयी दिल्ली (आससे)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पूसा में किसानों के लिए 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की दो बड़ी योजनाओं, प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना और दलहन आत्मनिर्भता मिशन का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री ने कहा है कि ये दो योजनाएं भारत के किसानों का भाग्य बदलने का काम करेंगी। इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 11 वर्षों में भारत का कृषि निर्यात करीब-करीब दोगुना हो गया है। अनाज उत्पादन 900 लाख मीट्रिक टन और बढ़ गया। फल और सब्जियों का उत्पादन 640 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा बढ़ गया है। उन्होंने किसानों के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेती और किसानी हमेशा से हमारी विकास यात्रा का एक प्रमुख हिस्सा रही है। यह बेहद जरूरी बदलते समय के साथ खेती और किसान को सरकार का सहयोग मिलता रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों के लिए सरकार द्वारा किए गए कार्यों का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा कि बीज से लेकर बाजार तक अनगिनत सुधार किए गए। परिणामस्वरूप आज दूध उत्पादन में भारत नंबर एक पर है। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मछली उत्पादक है। भारत में शहद उत्पादन 2014 की तुलना में दोगुना हो गया है। उन्होंने कहा कि देश में 6 बड़े उर्वरक कारखाने बनाए गए हैं। 25 करोड़ से ज्यादा मृदा स्वास्थ्य कार्ड किसानों को दिए गए हैं। 100 लाख हेक्टेयर में सूक्ष्म सिंचाई की सुविधा पहुंची है। पीएम फसल बीमा योजना से करीब 2 लाख करोड़ रुपये क्लेम के रूप में किसानों को मिले हैं। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में 10 हजार से ज्यादा किसान उत्पाद संघ एफपीओ बने। प्रधानमंत्री ने बताया कि कार्यक्रम में आने से पहले उनकी अनेक किसानों और मछुआरों से बात हुई। उन्हें कृषि क्षेत्र में काम कर रही महिलाओं के अनुभव सुनने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि ऐसी अनेक उपलब्धियां हैं जो देश के किसानों ने बीते 11 वर्षों में अनुभव की हैं। मोदी ने कहा कि हमें विकसित बनने के लिए हर क्षेत्र में लगातार बेहतर करते ही रहना होगा और सुधार करना ही होगा। उन्होंने कहा कि इसी सोच का प्रमाण पीएम धन-धान्य कृषि योजना है। इस योजना की प्रेरणा आकांक्षी जिला योजना का सफलता बनी है। आकांक्षी जिलों के बारे में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब वंचितों को वरीयता और पिछड़ों को प्राथमिकता मिलती है तो उसके नतीजे भी बहुत अच्छे मिलते हैं। उन्होंने कहा कि आज आकांक्षी जिलों में मातृ मृत्यु दर घटी है और बच्चों का स्वास्थ्य औरबंकी पढ़ाई का स्तर सुधरा है। ये जिले अब कई पैरामीटर्स को लेकर दूसरे जिलों से बेहतर कर रहे हैं।
——————–