आम नागरिकोंको मिलेगा २५ लाख तकका मुफ्त इलाज
सीता मढ़ी (आससे)। रीगा फुटबॉल मैदान में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा ने महागठबंधन के समर्थन में आयोजित एक भव्य जनसभा को संबोधित किया। जिसमें हजारों की संख्या में जनता उमड़ पड़ी। अपने संबोधन में प्रियंका गांधी ने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनते ही राज्य की हर महिला के खाते में 2500 प्रतिमाह दिया जाएगा। आम नागरिकों को 25 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा और सभी खाली सरकारी पदों को शीघ्र भरा जाएगा। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा उद्योगपतियों को मुफ्त में जमीन देती है, जबकि हमारी सरकार भूमिहीनों को जमीन देगी। उन्होंने जनता से अपील की कि अब 20 साल से चले आ रहे अन्याय और बेरोजगारी के सिलसिले को खत्म करने का समय आ गया है और इस बार बिहार से पलायन रोकने, युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार देने के लिए महागठबंधन के प्रत्याशियों को वोट दें। इस मौके पर महागठबंधन समर्थित रीगा विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी अमित कुमार टुन्ना ने भी जनता को संबोधित करते हुए कहा कि बस एक मौका दीजिए, मैं चौबीसों घंटे, सातों दिन, पूरे पांच साल जनता की सेवा में समर्पित रहूंगा। हजारों लोगों ने मिलकर रीगा विधानसभा में महागठबंधन की सरकार बनाने और अपने बेटे अमित कुमार टुन्ना को विजयी बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान पूर्व विधान पार्षद प्रेमचंद मिश्रा, राजकिशोर कुशवाहा, अदिति कुमारी, विपिन झा, प्रेम कुमार, विजय राय, गणेश यादव, लक्ष्मी राय, राजकिशोर कुशवाहा पूर्व प्रमुख, डॉ राजीव कुमार काजू , रामू मिश्रा, निशित जायसवाल, मुखिया धीरज मंडल, फेकन दास, उमेश सहनी, इंद्रदेव सहनी, मो सम्मत, मो आशु, शंभू शंकर भोला, चुन्नू सिंह, संतोष पासवान सरोज दास सहित दर्जनों नेतागण ने विशाल ज़न सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष रकटु प्रसाद ने किया जबकि मंच संचालन पूर्व मंत्री प्रदीप जैन ने की। मंच पर उपस्थि रीगा विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी अमित कुमार टुन्ना तथा बथनाहा विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी ई. नवीन कुमार को जीताने की अपील किया। सभा को शिवहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष नूरि बेगम, रितेश रमन सूजन मीना, अफ़क खां, मनोज झा सहित दर्जनों नेता उपस्थित थे।
————————





