भाजपा मुख्यालयमें मोदीने गमछा हिला कर किया कार्यकर्ताओं
का अभिवादन, कहा- बिहारके लोगोंने मचा दिया गर्दा
नयी दिल्ली (आससे)। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली प्रचंड जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया। उन्होंने कहा है कि बिहार के लोगों ने विकसित और समृद्ध बिहार के लिए मतदान किया है और अब अगले पांच साल में बिहार में विकास के लिए सरकार काम करेगी, जिससे कि वहां के युवाओं को रोजगार मिल सके।आज देर शाम भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मैने प्रचार के दौरान बिहार के लोगों से भारी संख्या में मतदान करने का आग्रह किया था। बिहार की जनता ने मेरे आग्रह को माना। उन्होंने कहा है मैं बिहार की जनता, भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर और लोकनायक जयप्रकाश नारायण को नमन करता हूं। आज की विजय हमें संकल्पित कर रही है कि हम बिहार को नई ऊंचाईयों पर ले जाएं। प्रधानमंत्री ने कहा है बिहार के कुछ राजनीतिक दलों ने एमवाई फॉर्मूला बनाया था। आज बिहार की जनता ने नया एमवाई फॉर्मूला बनाया है, महिला और युवा। बिहार के लोगों ने उनके पुराने संकुचित जंगल राज वाले फार्मूले को ध्वस्त कर दिया है। एनडीए की पूरी टीम को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नीतीश जी शानदार नेतृत्व दिया।मोदी ने कहा कि बिहार वो धरती है, जिसने भारत को लोकतंत्र की जननी होने का गौरव दिया है। आज उसी धरती ने लोकतंत्र पर हमला करने वाली ताकतों को धूल चटाई है। बिहार ने फिर दिखाया है, झूठ हारता है – जनविश्वास जीतता है। भारत, अब सच्चे सामाजिक न्याय के लिए वोट कर रहा है। जहां हर परिवार को समानता, सम्मान और अवसर मिलता है और जहां अब तुष्टिकरण की कोई जगह नहीं। भारत के लोग अब सिर्फ विकास चाहते हैं, तेज विकास चाहते हैं, विकसित भारत बनाना चाहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार के चुनाव ने एक और बात सिद्ध की है। अब देश का मतदाता, खासतौर पर हमारा युवा मतदाता, मतदाता सूची के शुद्धिकरण को बहुत गंभीरता से लेता है। बिहार के युवा ने भी मतदाता सूची के शुद्धिकरण को जबरदस्त तरीके से सपोर्ट किया है। अब हर दल का दायित्व बनता है कि वे पोलिंग बूथ पर अपनी-अपनी पार्टियों को सक्रिय करें और मतदाता सूची के शुद्धिकरण के काम में उत्साह के साथ जुड़ें और शत प्रतिशत योगदान दें, ताकि बाकी जगहों पर भी मतदाता सूची का पूरी तरह शुद्धिकरण हो सके। मोदी ने कहा कि ये वही बिहार है, जहां माओवादी और नक्सल इलाकों में 3 बजे मतदान कराना मुश्किल होता था। इस चुनाव में बगैर डर के लोगों ने उत्सव की तरह वोट किया। जंगलराज में मतदान केंद्रों पर हिंसा होती थी, मतपेटियां लूटी जाती थी। इस बार शानदार वोटिंग हुई, हर किसी ने अपनी पसंद से मतदान किया। पहले बिहार में रिपोल होता था। 2005 से पहले होता था। हजारों जगह पर फिर से पोलिंग होती थी। दो चरण के चुनाव में कहीं भी फिर से चुनाव कराने की नौबत नहीं आई।मोदी ने कहा कि अब बिहार 25 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा की ओर बढ़ रहा है। बिहार की भूमि पर फिर कभी जंगलराज की वापसी नहीं होने वाली। बिहार को कांग्रेस और लाल झंडे वालों ने बर्बाद किया। आज वो दिन इतिहास बन गए। आज के परिणाम बिहार के विकास विरोधियों को जवाब है। उनकी बेशर्मी को जवाब है कि बिहार को एक्सप्रेसवे, ट्रेन और एयरपोर्ट की क्या जरूरत है। मोदी ने विपक्ष को भी नसीहत दी। उन्होंने दावा किया कि हो सकता है कांग्रेस का एक और विभाजन हो जाए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कहा कि बिहार की जनता ने परिवारवाद की राजनीति को खारिज कर दिया है।भाजपा मुख्यालय में आज सुबह से ही जश्न का माहौल था। शाम के समय प्रधानमंत्री मोदी जब वहां पहुंचे तो उत्साहित कार्यकर्ताओं के जय घोष के बीच उन्होंने बिहारी स्टाइल में गमछा हिलाकर जीत का जश्न मनाया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं में जीत का जोश भरा। भाजपा अध्यक्ष ने मखाने की माला पहनकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह और अमित शाह भी मौजूद रहे।
————————





