Latest News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

मोदीके नेतृत्वमें भारत एक स्वतंत्र और संप्रभु नीतिपर चल रहा है-पुतिन


नयी दिल्ली (आससे.)। इंडिया-रूस बिजऩेस फोरम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की जमकर प्रशंसा की और कहा कि भारत स्वतंत्र और संप्रभु नीति पर चलते हुए शानदार परिणाम प्राप्त कर रहा है। पुतिन ने कहा कि मैं इस बात पर ज़ोर देना चाहूंगा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत एक स्वतंत्र और संप्रभु नीति पर चल रहा है और साथ ही बहुत अच्छे परिणाम भी पा रहा है। उन्होंने कहा कि आज, भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया की सबसे तेज़ी से बढऩे वाली अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। पुतिन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अच्छी आर्थिक नीति और मेक इन इंडिया प्रोग्राम जैसे बड़े ऐतिहासिक पहल की वजह से, इंडिया टेक्नोलॉजी के मामले में संप्रभु बन रहा है। भारत के आईटी और फार्मा सेक्टर दुनिया में प्रमुख स्थान पर हैं।पुतिन ने कहा कि रूसी प्रतिनिधि मंडल सिर्फ़ एनर्जी के मामलों पर बात करने और तेल और गैस की सप्लाई के लिए कॉन्ट्रैक्ट साइन करने नहीं आया था। हम चाहते हैं कि भारत के साथ अलग-अलग क्षेत्र में हमारे कई तरह के रिश्ते बनें। प्रधानमंत्री मोदी ने हमारी प्राइवेट बातचीत में कई मौकों पर इस बात पर ज़ोर दिया कि भारत के पास कई क्षेत्रों में बड़े और बढ़ते हुए मौके हैं, लेकिन अब तक उनका उतना इस्तेमाल नहीं हुआ है जितना दोनों देश चाहते हैं। यही वजह है कि हमने यह फोरम बुलाया। प्रधानमंत्री मोदी ने बिजऩेस फोरम में एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि भारत और यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन ( ईएईयू) के बीच मुक्त व्यापार समझौता ( एफटीए ) पर बातचीत शुरू हो गई है। यह एफटीए दोनों पक्षों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने ज़ोर देकर कहा कि बिजऩेस हो या डिप्लोमेसी, किसी भी साझेदारी की नींव आपसी विश्वास है, और यही विश्वास भारत-रूस संबंधों की सबसे बड़ी ताकत है।
————————-