पटना

बिहारशरीफ: कोविड महाअभियान के तहत 02 जुलाई को 39315 लोगों को लगाया गया कोविड वैक्सीन


16 जून से 02 जुलाई तक 1 लाख 71 हजार 415 लोगों को लगाया जा चुका है टीका

बिहारशरीफ (आससे)। जिले में कोविड टीकाकरण के लिए 02 जुलाई को महाअभियान चलाया गया और इस महाअभियान के एक दिन में जिले के 39315 लोगों को कोविड का टीका लगाया गया। इसके पूर्व 01 जुलाई को 9320 लोगों को कोविड वैक्सीन लगाया गया था। हालांकि 30 जून को वैक्सीन की कमी को लेकर टीकाकरण अभियान प्रभावित रहा था और बिहारशरीफ शहरी क्षेत्र में मात्र 70 लोगों को टीका लगाया गया था। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार 16 जून से 29 जून तक 1 लाख 22 हजार 710 लोगों को कोविड टीका लगाया गया था।

इस प्रकार 16 जून से लेकर 02 जुलाई तक जिले के 1 लाख 71 हजार 415 लोगों को कोविड टीका लगाया गया। कोविड टीकाकरण के महाअभियान में टीका लगाने वाले लोगों का डाटा तत्काल अपलोड हो इसके लिए भी तैयारी की गयी थी। स्वास्थ्य विभाग के 54 डाटा इंट्री ऑपरेटरों के अलावे प्रखंड विकास पदाधिकारियों के माध्यम से 120 डाटा इंट्री ऑपरेटर लगाये गये थे। इस प्रकार डाटा इंट्री के लिए 174 लोग लगाये गये है।

02 जुलाई को कोविड टीकाकरण के महाअभियान में सर्वाधिक 4400 लोगों का टीका बिहारशरीफ शहरी क्षेत्र में लगाया गया। जबकि बिहारशरीफ ग्रामीण क्षेत्र में एक भी टीका नहीं लगाया गया। नूरसराय में 3880, एकंगरसराय में 3680, हरनौत में 3170, इस्लामपुर में 3000, अस्थावां में 2000, गिरियक में 2280, हिलसा में 2540, बिंद में 1900, रहुई में 1670, नगरनौसा में 1370, करायपरशुराय में 1140, बेन में 1560, सरमेरा में 1380, कतरीसराय में 1100, सिलाव में 1080, राजगीर में 1380, थरथरी में 850, परबलपुर में 530 तथा चंडी में मात्र 205 लोगों को कोविड का टीका लगाया गया।