News TOP STORIES नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

Bihar : भाजपा ने विधानसभा उपचुनाव के लिए जारी की स्‍टार प्रचारकों की सूची,


पटना : बिहार की दो विधानसभा सीटों पर तीन नवंबर को होने वाले उप चुनाव के लिए भाजपा ने स्टार प्रचारकों की जारी सूची में नए नेतृत्व के बजाय पुराने नेताओं पर ही भरोसा जताया है। विपक्ष की भूमिका में आने के बाद पार्टी के अंदर यह चौकाने वाला निर्णय है। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने दोनों सदनों के नेता प्रतिपक्ष (विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी) को स्टार प्रचारकों की सूची में टाप टेन से बाहर रखा है। इसी तरह दोनों पूर्व उप मुख्यमंत्री को भी 14वें और 15वें पायदान पर जगह मिली।

तारकिशोर-रेणु पार्टी की कसौटी पर खरे नहीं

स्टार प्रचाकों की सूची के वरिष्ठता क्रम से साफ है दोनों पूर्व उप मुख्यमंत्री (तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी) संगठन की नजर में सत्ता में रहते पार्टी की कसौटी पर खरे नहीं उतर पाए। वहीं, अप्रैल 2022 में बोचहां उपचुनाव में स्टार प्रचारक सूची में शामिल रहे कई नेताओं को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया। राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी, पूर्व मंत्री मंगल पांडेय, नंद किशोर यादव और प्रेम कुमार को टाप टेन की सूची में शामिल कर पार्टी ने बड़ा संदेश दिया है।

बीजेपी फूंक-फूंककर बढ़ा रही कदम

दरअसल, अप्रैल में संपन्न हुए बोचहां उपचुनाव में जीती हुई सीट हारने के बाद इस बार पार्टी हर कदम फूंक फूंक बढ़ा रही है। बोचहां से सबक लेते हुए मोकामा और गोपालगंज के उपचुनाव के लिए जारी 40 स्टार प्रचारकों की सूची से कई नेताओं को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इसमें संगठन के प्रति हवा-हवाई और चेहरा चमकाने वाले पार्टी पदाधिकारियों से राष्ट्रीय नेतृत्व ने किनारा कर लिया है। संदेश साफ है कि जिम्मेदारी के मामले में पार्टी कोताही कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। नेतृत्व द्वारा सौंपे गए दायित्व और प्रतिबद्धता की कसौटी पर कौन कार्यकर्ता कितना समर्पित पार्टी की बारीक नजर बनी हुई है।

क्षेत्रीय व जातिगत समीकरण को अहमियत

स्टार प्रचारकों की सूची में पार्टी दोनों विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई नए नवेले नेताओं को भी जगह दी है। इसमें कुछ नेताओं को क्षेत्रीय समीकरण तो कुछ नेताओं को जातिगत गणित के आधार पर जगह मिली है। वहीं, कई चेहरे को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा। रामसूरत राय, अजय निषाद, डा संजय पासवान, केंद्रीय मंत्री राजकुमार सिंह, पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह के अलावा पार्टी पदाधिकारी प्रमोद चंद्रवंशी, पिंकी कुशवाहा, नीतीश मिश्रा, राजेश वर्मा, सिद्धार्थ शंभू, देवेश कुमार, सुशील चौधरी, निवेदिता सिंह और लाजवंती झा को पार्टी ने स्टार प्रचारक की सूची से बाहर कर दिया है।