Latest News करियर झारखंड रांची

JEE Advanced 2022 : झारखंड के टापर सूर्यांश से विशेष बातचीत,


रांची, JEE Advanced 2022 Topper जेइइ एडवांस 2022 की परीक्षा में आल इंडिया रैंक 51 लाकर सूर्यांश सृजन ने अपने शहर व विद्यालय का मान बढ़ाया है। सूर्यांश ने कुल 360 में 250 अंक अर्जित किया है। उनके इस रिजल्ट से स्वजनों व डीपीएस स्कूल में हर्ष का माहौल है। इस रैंक के साथ सूर्यांश सृजन भुवनेश्वर जोन के टाप 3 में शामिल हो गए हैं। साथ ही जिला व राज्य टापर बनने का भी गाैरव प्राप्त किया है। उनकी इस सफलता पर उनके पिता डा सुशील कुमार सिंह व माता सुनीता कुमारी ने भी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

सूर्यांश के पिता ने कहा कि बचपन से ही वह इंजीनियरिंग के क्षेत्र में करियर बनाना चाहता था। इसलिए सूर्यांश को उसी पैटर्न पर तैयार किया गया। उचित माहौल दिया गया ताकि उनके सपनों को पंख लग सके।

वहीं डीपीएस रांची के प्राचार्य डा राम सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी मेधा शक्ति के बल पर जेइइ एडवांस 2022 में एक बार फिर से शानदार प्रदर्शन करके अपनी योग्यता साबित की है।

सूर्यांश से विशेष बातचीत….

विशेष बातचीत के क्रम में सूर्यांश ने बताया कि उन्होंने घर पर रहकर ही अपनी तैयारी पूरी की। खासकर आनलाइन क्लासेस के वक्त तो स्कूल के शिक्षकों ने कोर्स पूरा करने में भरपूर सहयोग दिया। परीक्षा की घड़ी नजदीक आने के बाद उन्होंने एफआइआइटी-जेइइ से तीन माह की कोचिंग ली और अपनी तैयारी पूरी की…।

  • सवाल : आइआइटी जेइइ जैसी परीक्षा के लिए कितने घंटों की तैयारी जरुरी है?

जवाब : आइआइटी जेइइ जैसी परीक्षा में सफल होने के लिए पहले आपको मानसिक तौर पर तैयार होना पड़ता है। इसके बाद तैयारी की बारी आती है। प्रतिदिन यदि 6-7 घंटे मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई की जाए तो बेशक सफलता जरुर मिलती है।

  • सवाल : इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए पूर्व से तैयारी कितनी जरुरी है?

जवाब : इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए पूर्व से तैयारी बेहद जरुरी है। खासकर नौवीं कक्षा के बाद से ही मैंने अपनी तैयारी शुरु कर दी थी।

  • सवाल : आइआइटी एडवांस की परीक्षा में किस विषय के प्रश्न कितने कठिन रहे?

जवाब : आइआइटी एडवांस की परीक्षा में अबकी बार मैथ्स में पूछे गए सवाल कुछ टेढ़े थे। खासकर मिक्स टापिक क्वेश्चन ने तो काफी परेशान कर दिया। वहीं फिजिक्स व केमिस्ट्री के प्रश्न आसान ही थे।

  • सवाल : आने वाले सत्र में इस परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र छात्राओं के लिए क्या संदेश देना चाहते हैं?

जवाब : अगले सत्र में आइआइटी की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र ससमय अपना सिलेबस पूरा कर लें। ताकि रिविजन के लिए पर्याप्त समय मिल सके। स्कूल से आने के बाद जितना जल्दी हो सके अपना होमवर्क पूरा करने के बाद परीक्षा की तैयारी के लिए तैयार किए गए टापिक पर फोकस करें। क्योंकि सिलेबस का स्व-मूल्यांकन बेहद जरुरी होता है। इससे पता चलता है कि आपने अपनी परीक्षा के लिए कितनी तैयारी कर ली है।

  • सवाल : क्या स्कूल की पढ़ाई से आइआइटी जैसी परीक्षा में सफल होना संभव है?

जवाब : जरुरी यह नहीं कि स्कूल में कितनी और किस तरह पढ़ाई हो रही है। जरुरी इस बात की है कि आप मानसिक रुप से कितने तैयार हैं। स्कूल में पढ़ाई के बाद सेल्फ एसेसमेंट और कोचिंग के टिप्स को जब एक साथ मिला दिया जाता है तो इसका रिजल्ट अच्छा आता है।

  • सवाल : अब आगे की क्या योजना है, कहां नामांकन लेना है?

जवाब : आइआइटी बाम्बे में नामांकन लेने का सोच रहा हूं। वहां से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में दाखिला लूंगा। इस क्षेत्र में काफी अवसर और संभावनाएं हैं। इस क्षेत्र में इनोवेशन का कार्य भी लगातार हो रहा है। जिसमें नए आइडियाज को शेयर करुंगा।