News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Karnataka: कांग्रेस का एलान, सरकार बनने पर लागू होगी गृहलक्ष्मी योजना


बेंगलुरु, कर्नाटक में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस भी इसकी तैयारी में जुट गई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बेंगलुरु के पैलेस ग्राउंड्स में सोमवार को ‘ना नायकी’ सम्मेलन किया। इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। प्रियंका ने इस दौरान जहां भाजपा पर हमला बोला, तो वहीं उन्होंने चुनावी वादे भी किए।

कर्नाटक में भ्रष्टाचार से स्थिति खराब: Priyanka Gandhi

प्रियंका गांधी ने सत्ताधारी भाजपा को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, “मुझे पता चला कि कर्नाटक में स्थिति बहुत खराब है, भ्रष्टाचार से 1.5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। PSI घोटाला शर्मनाक है, आप अपने बच्चों को शिक्षित करते हैं और आपको सत्ता में बैठे नेताओं से यह मिलता है।” प्रियंका ने आगे कहा कि मैं आपसे एक सवाल पूछना चाहती हूं। भाजपा सरकार आने के बाद आपका जीवन बेहतर हुआ? क्या कोई बदलाव आया? वोट देने से पहले पिछले कुछ सालों को देखिए और इसका मूल्यांकन कीजिए।

गृहलक्ष्मी योजना का एलान

इस दौरान कांग्रेस ने महिलाओं के लिए बड़ा एलान किया है। कांग्रेस ने कहा कि राज्य में सरकार बनने पर गृहलक्ष्मी योजना लागू की जाएगी। इस योजना के जरिए प्रदेश की हर गृहिणी को 2-2 हजार रुपए की मासिक आर्थिक सहायता दी जाएगी।

महिलाओं पर कांग्रेस का फोकस

कांग्रेस का फोकस खासतौर पर महिला वोटर है। दरअसल, कर्नाटक में महिला वोटरों की संख्या करीब 50 फीसदी है। ऐसे में पार्टी महिला वोटरों को लुभाने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। कर्नाटक की महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ पुष्पा अमरनाथ, पूर्व मंत्री उमाश्री और रानी सतीश ने कहा कि वे प्रियंका गांधी से मांग करेंगी कि विधानसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा टिकट महिलाओं को दी जाएं। पुष्पा अमरनाथ ने कहा कि 74 विधानसभा सीटों में से 109 महिलाओं ने टिकट के लिए आवेदन किया है। हम पार्टी से महिलाओं के लिए कम से कम 30 सीटों की मांग करते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का गृह राज्य कर्नाटक

प्रियंका गांधी लंबे समय बाद कर्नाटक आई हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कर्नाटक पहुंचने पर पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी इसमें शामिल हुई थीं। हालांकि, प्रियंका इस यात्रा में हिस्सा नहीं ले सकी थीं। अब प्रियंका गांधी कर्नाटक आई हैं। बता दें कि कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का गृह राज्य भी है। ऐसे में खरगे की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है।