मुंबई, । Maharashtra News: महाराष्ट्र के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों अशोक चह्वाण (Ashok Chavan) और देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) की मुलाकात से राज्य में सियासी अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। कहा जा रहा है कि जल्दी ही कांग्रेस (Congress) का एक बड़ा समूह जल्दी ही पार्टी छोड़कर भाजपा (BJP) का रुख कर सकता है।
बड़ा सियासी गुल खिला सकती है ये मुलाकात
महाराष्ट्र में इन दिनों गणेशोत्सव का पर्व चल रहा है। अनेक राजनीतिक नेताओं व कार्यकर्ताओं के घरों में गणपति विराजमान हैं। दलों का बंधन न रखते हुए बहुत से लोग एक-दूसरे के घरों में गणपति दर्शन के लिए आ-जा रहे हैं। लेकिन ऐसी ही आवाजाही में एक भाजपा कार्यकर्ता के घर अशोक चह्वाण और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मुलाकात कुछ खास मानी जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि निकट भविष्य में यह मुलाकात कोई बड़ा राजनीतिक गुल खिला सकती है।
अमित शाह की मुंबई यात्रा से पहले हुई मुलाकात
देवेंद्र फडणवीस और अशोक चह्वाण की मुलाकात का केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) की मुंबई यात्रा से ठीक पहले होना और महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अमित शाह सोमवार को मुंबई आ रहे हैं।
मराठवाड़ा क्षेत्र में चह्वाण परिवार की अच्छी पकड़
अशोक चह्वाण न सिर्फ दो बार राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं, बल्कि उसके बाद कांग्रेस-राकांपा व महाविकास आघाड़ी सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं। उनके पिता शंकरराव चह्वाण भी राज्य के दो बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। मराठवाड़ा क्षेत्र में चह्वाण परिवार की अच्छी पकड़ मानी जाती है, लेकिन मुख्यमंत्री पद के अपने दूसरे कार्यकाल में अशोक चह्वाण को आदर्श घोटाले के कारण पद छोड़ना पड़ा था। यह मामला अभी भी पूरी तरह बंद नहीं हुआ है।
कांग्रेस से मोहभंग की चर्चा
हाल ही में एकनाथ शिंदे सरकार के विश्वास मत हासिल करने के दौरान कांग्रेस के जो विधायक मतदान की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद सदन में पहुंचे थे, उनमें से एक अशोक चह्वाण भी थे। अशोक चह्वाण के अलावा भी कई विधायक हैं, जिनका कांग्रेस से मोहभंग होने की चर्चा चल रही है। क्योंकि 20 जून को हुए विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस के सात विधायकों ने क्रास वोटिंग कर कांग्रेस के ही प्रत्याशी को हरवा दिया था।





