News TOP STORIES नयी दिल्ली महाराष्ट्र राष्ट्रीय

Maharashtra : भारी बारिश से मुंबई की सड़कें बनीं तालाब नांदेड़ के 12 गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति


औरंगाबाद, महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश के चलते बाढ़ के हालात बन गए हैं। मुंबई में भी स्थिति चिंताजनक बनती जा रही है। लगातार एक घंटे से तेज बारिश के कारण मुंबई की सड़कें पानी से लबालब भर गई हैं। लोगों की कमर तक पानी भर गया है। 

मौसम विभाग ने आज सुबह ही महाराष्ट्र के विदर्भ में बारिश का रेड अलर्ट और मुंबई समेत कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।

मुंबई में जलजमाव की स्थिति

मुंबई में भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया और शहर में यातायात बाधित हो गया। उपनगरों के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश से अंधेरी, कुर्ला, घाटकोपर, चेंबूर और कुछ अन्य स्थानों पर कुछ निचले इलाकों में जलजमाव हो गया।

एक अधिकारी ने बताया कि बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) लिमिटेड ने दोपहर में जलभराव के कारण 12 से अधिक मार्गों पर बसों को डायवर्ट किया। इसके अलावा, जलभराव के कारण अंधेरी सबवे को यातायात के लिए बंद कर दिए जाने से वाहन चालकों और पैदल यात्री मुसीबत में फंस गए हैं।

नांदेड़ में बाढ़ जैसी स्थिति, 1000 लोग फंसे

उधर, नांदेड़ की बिलोली तहसील के 12 गांवों के लगभग 1,000 लोगों को जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है। संभागीय आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि मराठवाड़ा क्षेत्र में सबसे अधिक 213.75 मिमी बारिश दर्ज की गई।

12 गांवों के हालात चिंताजनक

जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि बिलोली तहसील के हरनाली, मचनूर, बिलोली, गोलेगांव, अराली, कसाराली, बेलकोनी, कुंडलवाड़ी और गंजगांव सहित 12 गांवों के लगभग 1,000 निवासियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। बारिश के बाद इन गांवों में जल स्तर अचानक बढ़ गया, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।

 24 घंटे में लातूर में 83 मिमि बारिश

रिपोर्ट में कहा गया है कि 24 घंटे में लातूर जिले के जलकोट में 83 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि हिंगोली जिले, अखाडा में 94.50 मिमी, तेम्भुर्नी में 78.75 मिमी, येहलेगांव में 85.75 मिमी बारिश दर्ज की गई। नांदेड़ शहर के पास विष्णुपुरी बांध का एक गेट गुरुवार रात 11.30 बजे खोला गया और 12,924 क्यूसेक पानी छोड़ा गया. एक अधिकारी ने बताया कि हालांकि, शुक्रवार सुबह करीब 6.45 बजे गेट बंद कर दिया गया।