News TOP STORIES नयी दिल्ली मध्य प्रदेश राष्ट्रीय

PM मोदी ने विपक्षी नेताओं का किया अपमान मणिपुर पर 77 दिन बाद मजबूरी में दिया बयान प्रियंका गांधी


ग्वालियर, । कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जन आक्रोश रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला।

‘पीएम मोदी मणिपुर पर 77 दिन तक चुप रहे’

प्रियंका गांधी ने कहा कि पिछले दो महीने से मणिपुर जल रहा है। घरों में आग लगाई जा रही है। महिलाओं के साथ भयावह अत्याचार हो रहा है, लेकिन पीएम मोदी ने 77 दिनों तक इस बारे में एक शब्द भी नहीं बोला।

‘मजबूरी में पीएम मोदी ने मणिपुर पर बोला एक वाक्य’

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि महिलाओं के साथ हो रही अमानवीय घटनाओं का वीडियो सामने आने के बाद पीएम मोदी ने मजबूरी में एक वाक्य बोला… लेकिन उसमें भी उन्होंने राजनीति घोल दी। प्रियंका ने कहा,

राजनीतिक सभ्यता बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री की होती है, लेकिन उन्होंने पिछले दिनों सभी योग्य व संघर्ष करने वाले विपक्ष के नेताओं को चोर बोल डाला। वरिष्ठ नेता, पार्टियों के नेता, जिनका आदर है, उनका अपमान कर दिया, लेकिन दो महीनों से मणिपुर जल रहा है, महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर चुप हैं, लेकिन जब 77 दिन बाद बोले तो मणिपुर हिंसा पर कम, विपक्ष की सरकार वाले प्रदेशों की घटनाओं पर ज्यादा बात की।

प्रियंका ने प्रदेश में सरकार बनने पर दी यह गारंटी

प्रियंका वाड्रा ने कहा कि यदि कांग्रेस सरकार बनेगी तो प्रदेश के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम, महिलाओं को पांच सौ रुपये में सिलेडर देने व 100 यूनिट बिजली फ्री में देने की गारंटी देती है। उन्होंने कहा कि हमारी जहां- जहां सरकारें हैं, वहां जो गारंटी दी, वह निभाई जा रही हैंं। चाहे कर्नाटक में, चाहे हिमाचल या राजस्थान में देखें, जो वायदे किए, वे निभाए जा रहे हैं। इन सभी प्रदेशों में पुरानी पेंशन स्कीम लागू हैं।

 

‘मध्य प्रदेश में प्रचंड बदलाव की लहर है’

प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर बहनों के खाते में 1500 रुपये डाले जाएंगे। दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाई जाएगी। कर्ज माफी का काम पूरा होगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में प्रचंड बदलाव की लहर है। प्रचंड बहुमत से कांग्रेस को जिताइए और मजबूत सरकार बनाइए, जो गिराई न जा सके।

‘MP में पैसों से खरीदी हुई सरकार है तो घोटाले होंगे ही’

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव ने शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में पैसों से खरीदी सरकार है। ऐसे में प्रदेश में लूट और घोटाले तो होंगे ही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नींव स्वतंत्रता आंदोलन से पड़ी थी।

महंगाई को बताया बड़ा मुद्दा

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज सबसे बड़ा मुद्दा महंगाई है। जरूरत की हर चीज महंगी हो गई है। रसोई के सामान से लेकर गैस सिलेंडर तक सब कुछ महंगा हो चुका है। मैं चाहती हूं कि जब कोई नेता कहीं जाए तो बताए- आज इतनी महंगाई क्यों है, इतनी बेरोजगारी क्यों है?

‘घोटालों की सरकार है शिवराज सरकार’

प्रियंका ने कहा कि प्रदेश में भर्तियों के नाम पर घोटाले हो रहे हैं। पटवारी के एग्जाम में घोटाला हो गया। इनका समाधान क्या होगा। यह सरकार घोटालों की सरकार है।