Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Presidential Election 2022: राष्ट्रपति चुनाव में यशवंत सिन्हा को समर्थन देगी आम आदमी पार्टी


नई दिल्ली, । आगामी 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव 2022 के लिए दिल्ली और पंजाब में सत्तासीन आम आदमी पार्टी ने भी शनिवार को अपने पत्ते खोल दिए हैं। दिल्ली में हुई एक अहम बैठक के बाद आम आदमी पार्टी ने ऐलान किया है कि वह राष्ट्रपति चुनाव 2022 में यूपीए के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को समर्थन देगी।

आम आदमी पार्टी की पालिटिकल अफेयर कमेटी की शनिवार को बुलाई गई बैठक में यह फैसला लिया गया है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने मीडिया के सामने आकर इस बाबत जानकारी दी।

वरिष्ठ संवाददाता वीके शुक्ला के अनुसार, आम आदमी पार्टी राष्ट्रपति चुनाव में यशवंत सिन्हा का समर्थन करेगी।AAP की राजनीतिक मामलों की समिति ने शनिवार को एक अहम बैठक के बाद यह फैसला लिया है। दिल्ली और पंजाब दो राज्यों में आम आदमी पार्टी की सरकार है।

मीडिया से रूबरू राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आम आदमी पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद शनिवार को कहा कि समिति ने राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को समर्थन देने का फैसला लिया है।

बता दें कि कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बाद आम आदमी पार्टी देश का तीसरा राजनीतिक दल है, जिसकी देश के दो राज्यों में सरकार है। इसके साथ विधानसभा के लिहाज से दिल्ली से ज्यादा वोट पंजाब में हैं।

गौरतलब है कि अगले सप्ताह 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के तहत मतदान होगा। इस चुनाव में प्रतिनिधि (सांसद और विधायक) भाग लेते हैं। 18 को मतदान के बाद 21 जुलाई को परिणाम घोषित होगा।

इसके बाद 25 जुलाई 2022 को नए राष्ट्रपति शपथ लेंगे। President Election 2022: राष्ट्रपति चुनाव 2022 को लेकर उम्मीदवार को समर्थन कोलेकर अब तकरीबन सभी राजनीतिक दलों ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। मुकबला एनडीए उम्मीदवार (NDA Candidate) द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) और यूपीए उम्मीदवार (UPA Candidate) यशवंत सिन्हा (Yashwant Sinha) के बीच है।