News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली महाराष्ट्र राष्ट्रीय लखनऊ

Today 6th April: केंद्र सरकार पर बरसे संजय राउत, कहा- महाराष्ट्र में केंद्रीय जांच एजेंसियों का हो रहा दुरुपयोग Wed, 06 Apr 202


नई दिल्ली, एजेंसियां। भाजपा के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैं देश और दुनिया भर में फैले भाजपा के प्रत्येक सदस्य को बहुत बहुत शुभकामनाएं देता हूं। कश्मीर से कन्याकुमारी, कच्छ से कोहिमा तक भाजपा एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को निरंतर सशक्त कर रही है। वहीं, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में यूक्रेन पर बुलाई गई बैठक में भारत ने बूचा में नागरिकों के मारे जाने की घटना पर चिंता जताई और इसकी स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। यूएनएससी की इस बैठक को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भी संबोधित किया। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल तीन दिवसीय दौरे के तहत मंगलवार को आस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंचे। उन्होंने आज पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मेलबर्न विश्वविद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ आस्ट्रेलिया के व्यापार मंत्री डैन तेहान और मेलबर्न विश्वविद्यालय के चांसलर एलन मायर्स मौजूद रहे।

  • हिमाचल प्रदेश में AAP का रोड शो

     

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के रोड शो के लिए हिमाचल प्रदेश के मंडी में तैयारियां चल रही हैं।

  • संजय राउत के बयान पर देवेंद्र फडणवीस ने किया पलटवार

     

    संजय राउत के बयान पर महाराष्ट्र के पूर्व CM और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई होने के बाद संजय राउत ऐसे आरोप लगाते रहते हैं। लेकिन, जब ED तथ्यों और सबूतों के आधार पर यह कार्रवाई करती है। तो ED को कोसा जाता है।

  • रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण देश में बढ़ी तेल की कीमतें-सीटी रवि

    भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि ने बताया कि देश में तेल की बढ़ी कीमतों की वजह भाजपा और केंद्र सरकार नहीं है। तेल की कीमतें 51% अमेरिका में बढ़ी। 52% कनाडा तो 52% यूके में बढ़ी है। भारत में केवल 5% ही बढ़ी है। इसका कारण कोविड और रूस-यूक्रेन युद्ध है। इस लड़ाई से तेल की कीमतें बढ़ रही हैं।

  • संजय राउत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा

     

    ED की कार्रवाई को लेकर शिवसेना नेता संजय राउत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली से लोग आते हैं। हमारे लोगों के घरों में घुस जाते हैं। न नोटिस, न वारंट, न कोई समन। ठीक है, देख लेंगे। वक्त बदल जाएगा और हमारा भी वक्त आएगा। महाराष्ट्र जैसे राज्य जो भाजपा शासित राज्य नहीं है। वहां पर केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है। वह लोकतंत्र और हमारी आज़ादी को खतरे में लाना वाला है। यह ठीक नहीं है।

  • ‘भाजपा शोभा यात्रा’ में शामिल हुए जेपी नड्डा

     

    भाजपा के स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दिल्ली में भाजपा शोभा यात्रा में शामिल हुए।

  • नितिन गडकरी से मिले आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री

     

    आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। उन्होंने राज्य में चल रही विकास परियोजनाओं की स्थिति पर चर्चा की।

  • पीएम मोदी से मिलीं तेलंगाना की राज्यपाल

     

    तेलंगाना की राज्यपाल डॉ तमिलिसाई सुंदरराजन ने आज दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।

  • भाजपा के स्थापना दिवस पर बोले CM पुष्कर सिंह धामी

     

    उत्तराखंड CM पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ना जाने कितने लाखों कार्यकर्ताओं ने अपने जीवन को इस पार्टी के लिए समर्पित किया। आज यह वटवृक्ष बना है, उसमें निश्चित रूप से हम सभी का योगदान तो है ही लेकिन, बहुत सारे ऐसे लोग भी हैं जिनकी 3-4 पीढियां इस संगठन के निर्माण में पूरी तरह से खप गई है। हम ऐसे संगठन के सदस्य हैं, जिसके लिए हमेशा राष्ट्र प्रथम रहा है। हमने हमेशा यह सिखा है कि राष्ट्र प्रथम, संगठन दूसरा और आदमी अंतिम। इस सिद्धांत पर हमारी पार्टी लगातार काम करती रही है।

  • राजनाथ सिंह जारी करेंगे स्वदेशीकरण की तीसरी सकारात्मक सूची

     

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल 7 अप्रैल को स्वदेशीकरण की तीसरी सकारात्मक सूची जारी करेंगे। सूची में शामिल वस्तुओं या उपकरणों को रक्षा बलों द्वारा आयात करने की अनुमति नहीं है और इसे केवल भारतीय फर्मों से ही खरीदा जा सकता है। 2020 में दो सूचियां जारी की गई हैं।

  • सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा में दिया नोटिस

     

    आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने देश में बेरोजगारी के कारण युवाओं की आत्महत्या पर राज्यसभा में शून्यकाल का नोटिस दिया है।

  • ये अमृत काल भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए कर्तव्य काल है- पीएम

    PM मोदी ने कहा इस अमृत काल में भारत की सोच आत्मनिर्भरता की है, लोकल को ग्लोबल बनाने की है, सामाजिक न्याय और समरसता की है। इन्हीं संकल्पों को लेकर एक विचारबीज के रूप में हमारी पार्टी की स्थापना हुई थी। इसलिए ये अमृत काल भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए कर्तव्य काल है।

  • भाजपा के 42वें स्थापना दिवस पर बोले पीएम मोदी

     

    भाजपा के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज नवरात्रि की पांचवीं तिथि है। आज के दिन हम मां स्कंदमाता की पूजा करते हैं। मां स्कंदमाता कमल पर विराजमान होती हैं और अपने दोनों हाथों में कमल थामे रहती हैं। मैं देश और दुनिया भर में फैले भाजपा के प्रत्येक सदस्य को बहुत बहुत शुभकामनाएं देता हूं। कश्मीर से कन्याकुमारी, कच्छ से कोहिमा तक भाजपा एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को निरंतर सशक्त कर रही है। पीएम ने कहा कि 3 दशकों के बाद राज्यसभा में किसी पार्टी के सदस्यों की संख्या 100 तक पहुंची है। वैश्विक दृष्टिकोण से देखें या राष्ट्रीय दृष्टिकोण से देखें भाजपा का दायित्व, भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व लगातार बढ़ रहा है।

  • पेरू की राजधानी लीमा में पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी

     

    ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी और देश में कर्फ्यू लगाने से नाराज सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों ने पेरू की राजधानी लीमा में पुलिस से भिड़ंत हो गई। बता दें कि राष्ट्रपति ने आर्थिक संकट को लेकर देश भर में शुरू हुए विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए राजधानी लीमा समेत कई जगहों पर कर्फ्यू का ऐलान कर दिया था। जिसे बाद में हटा दिया गया।

  • भाजपा के स्थापना दिवस पर बोले जेपी नड्डा

     

    भाजपा के 42वें स्थापना दिवस पर जेपी नड्डा ने कहा कि देश में हमारे विधायकों की संख्या 1,379 है, हमारे कार्यकर्ताओं ने दिन-रात काम किया। सेवा ही संगठन है और सेवा ही हमारा लक्ष्य है। ये पार्टी गरीबों की पार्टी है। हमारा सौभाग्य है कि भाजपा और हमारी NDA को मिलाकर हमारी आज 18 राज्य में सरकार है। हम भाजपा को इस तरीके से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आगे बढ़ा रहे हैं।

     

  • भाजपा के स्थापना दिवस पर बोले सीएम योगी

     

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना का उद्देश्य यही था कि हमें सत्ता की राजनीति नहीं, हमें भारत के लिए समर्पण का भाव पैदा करने वाले लोगों को एक राजनीतिक दल के रूप में आगे बढ़ाने का कार्य करना है। भाजपा की यात्रा देश और दुनिया के राजनीतिक विश्लेषकों के लिए आश्चर्य का विषय है। ये यात्रा बहुत कुछ कह देती है।

     

  • जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया

     

    भारतीय जनता पार्टी के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

  • यूक्रेन को मदद देगा अमेरिका

     

    रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच अमेरिका ने बड़ा ऐलान किया है। अमेरिका युद्धग्रस्त यूक्रेन को 100 मिलियन डालर की अतिरिक्त सुरक्षा सहायता प्रदान करेगा। एंटनी ब्लिंकन ने 5 अप्रैल को घोषणा करते हुए कहा कि उन्होंने अतिरिक्त एंटी-आर्मर सिस्टम के लिए यूक्रेन की तत्काल आवश्यकता को पूरा करने के लिए मदद का ऐलान किया है।

  • भारत में एक हजार से अधिक केस मिले

    भारत में एक हजार से अधिक केस मिले

     

    भारत में पिछले 24 घंटों में COVID-19 के 1,086 मामले आए हैं। जबकि 1,198 लोग डिस्चार्ज हुए हैं और 71 लोगों की मृत्यु हुई हैं।
    सक्रिय मामले: 11,871 (0.03%)
    कुल मृत्यु: 5,21,487
    पॉज़िटिविटी रेट: 0.23%
    कुल वैक्सीनेशन: 185.04 करोड़

  • जेपी नड्डा ने फहराया भाजपा का झंडा

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा मुख्यालय में पार्टी का झंडा फरहाया।

     


  • सीएम योगी ने फहराया भाजपा का झंडा

     

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के 42वें स्थापना दिवस पर लखनऊ पार्टी कार्यालय में पार्टी का झंडा फरहाया।

     

  • केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल का बयान

     

    केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि दुनिया आज महामारी और दूसरी चुनौतियों का सामना कर रही है, जो हम सब के लिए चिंता का विषय हैं। इसके बावजूद भारत और आस्ट्रेलिया ने विचारों में दृष्टिकोण में और उद्देश्य में समानता का प्रदर्शन किया। हमारे लोगों और व्यापारी संबंधों में निकटता आई है।

     

  • हरदीप सिंह पुरी ने अपने आवास पर फहराया भाजपा का झंडा

     

    केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आज पार्टी के 42वें स्थापना दिवस पर अपने आवास पर भाजपा का झंडा फहराया। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने पिछले 8 वर्षों में शासन की एक नई परिभाषा दी है। मैं आपको यूपी का उदाहरण देना चाहता हूं, हमें वहां सफलता मिली क्योंकि वहां तेजी से और पूरी ईमानदारी के साथ विकास हुआ।

  • झंडेवालान मंदिर में की गई आरती

     

    चैत्र नवरात्रि के पांचवें दिन दिल्ली के झंडेवालान मंदिर में आरती की गई।

  • पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट में आज भी होगी सुनवाई

     

    इमरान सरकार के खिलाफ संयुक्त विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव को असंवैधानिक बताते हुए उसे खारिज करने के नेशनल असेंबली के डिप्टी स्पीकर के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में आज भी होगी सुनवाई। पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें।

  • मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पहुंचे पीयूष गोयल

    केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और आस्ट्रेलियाई व्यापार पर्यटन और निवेश मंत्री डैन तेहान ने आस्ट्रेलिया में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) का दौरा किया।

     

  • इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने बढ़ाए दाम

     

    इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने दिल्ली में CNG की कीमत 2.5 रुपए प्रति किलोग्राम बढ़ाकर 66.61 रुपए प्रति किलोग्राम कर दी है। गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में CNG की कीमत 69.18 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी गई है। गुरुग्राम में कीमत 74.94 रुपये प्रति किलोग्राम की गई है।

  • मुठभेड़ में मारा गया एक आतंकी

     

    जम्मू-कश्मीर के अवंतीपोरा के त्राल इलाके में मुठभेड़ जारी है। पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम आपरेशन में लगी है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया है और आपरेशन अभी भी चल रहा है। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें।

  • कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे पीएम मोदी

     

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज भारतीय जनता पार्टी के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें।

  • श्रीलंका में हटा आपातकाल

     

    श्रीलंका में सरकार के अल्पमत में आने के बाद राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने शुक्रवार से देश में लागू आपातकाल को मंगलवार मध्यरात्रि से हटाने की घोषणा की है। देश में आपातकाल हटने के बाद कोलंबो में सड़क पर गाड़ियां नजर आई। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें।

  • आस्ट्रेलिया दौरे पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

     

    आस्ट्रेलिया दौरे पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मेलबर्न विश्वविद्यालय का दौरा किया। इस दौरान मेलबर्न विश्वविद्यालय में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि मेलबर्न विश्वविद्यालय हमारी भविष्य की योजनाओं में एक साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भारत-आस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौता (ईसीटीए) हमें उस भाईचारे, बंधुत्व और एकजुटता को वापस पाने का अवसर देता है जो उचित था। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें।

     

  • पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े

     

    दिल्ली में पेट्रोल और डीज़ल की कीमत आज क्रमश: 105.41 रुपए प्रति लीटर और 96.67 रुपए प्रति लीटर (80 पैसे की वृद्धि) हुई है। वहीं, मुंबई में पेट्रोल और डीज़ल की कीमत क्रमश: 120.51 रुपए प्रति लीटर (84 पैसे की वृद्धि) और 104.77 रुपए प्रति लीटर (85 पैसे की वृद्धि) हुई है।