Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Yamunanagar: राजनाथ सिंह बोले- भ्रष्ट कांग्रेस के कई नेताओं ने खाई जेल की हवा बीजेपी का दामन एकदम साफ


यमुनानगर, : केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरियाणा दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने जगाधरी अनाज मंडी में आयोजित भारत गौरवशाली रैली में शिरकत की।रैली में जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में अधिक भ्रष्टाचार था। कांग्रेस के शासन में कई घोटाले हुए, जिसके चलते कई नेताओं को जेल की हवा भी खानी पड़ी, लेकिन बीजेपी के किसी भी नेता के दामन में एक भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है। 

जनता के सामने झुकाया शीश

रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत में कहा कि लंबे अर्से बाद यहां मैं आया हूं। इस स्थान पर यहां पहली बार आया हूं। मैं यह मानता हूं कि भारत की परंपरा है कि सम्मान दोनों तरफ से होना चाहिए। वहीं, उन्होंने शीश झुकाकर जनता को सम्मान दिया।

बीजेपी ने सभी वादों को पूरा किया: राजनाथ

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सरकार के वादाें पर कहा कि भाजपा ने अपने वादों को अक्षरश पूरा किया है। पहले यह होता था कि जनता से वादे किए जाते थे, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया जाता था। हमनें सभी वादों को पूरा किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि जब भारतीय जनसंघ के लिए कार्य कर रहे थे, तब भी कहा था कि धारा 370 को समाप्त कर देंगे। जब-जब चुनाव हुआ तब-तब इसे घोषणा पत्र में शामिल किया।

उन्होंने कहा कि लोग कहते थे कि यह जनसंघ के वाले लोगों की आंखों में धूल झोंकते हैं। जब संसद के दोनों सदनों में हमारा बहुमत आया और  हमनें क्षण भर की देर नहीं लगाई। बीजेपी सरकार ने चुटकी बजाकर धारा 370 को खत्म कर दिया।

‘पाकिस्तान में घुस कर किया आतंकियों का सफाया’

रक्षा मंत्री ने सरकार की नौ साल की उपलब्धियां गिनवाते हुए पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान में की गई स्ट्राइक के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि हमारे सुरक्षा के जवानों पर पाकिस्तान के आतंकियों ने हमला किया। प्रधानमंत्री मोदी ने तुरंत बैठक की और दस मिनट में ही फैसला कर लिया। उसके बाद सेना के जवानों ने पाकिस्तान की धरती पर जाकर आतंकियों का सफाया करने का काम किया।

‘घर में घुसकर दुश्मनों को मार सकता है भारत”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने दुनिया को संदेश दिया कि वह अब कमजोर नहीं है। वह घर में घुसकर भी मार सकता है। वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि चाइना के साथ जो कुछ भी हुआ। सेना के जवानों ने शौर्य व पराक्रम का दिखाया। यह भारत की हैसियत व ताकत पूरी दुनिया में बनी है।

भाजपा ने जो कहा वो पूरा किया-राजनाथ

राजनाथ सिंह ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजाद भारत में नेताओं की कथनी व करनी में अंतर होने की वजह से लोगों का विश्वास कम हो रहा था। भारत की राजनीति में पैदा हुए विश्वास के संकट को भाजपा ने चुनौती के रूप में स्वीकार किया। जो भाजपा ने कहा वहीं पूरा किया।

कांग्रेस नेताओं पर भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

रक्षा मंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार की बात करें तो इसे पूरी तरह से समाप्त करना सामान्य काम नहीं है। दावे के साथ कह सकता हूं भाजपा ने यह कामयाबी हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस की सरकार थी और उस दौरान पार्टी पर कई घोटालों का आरोप लगा है। उनके मंत्रियों को जेल की हवा खानी पड़ी थी, लेकिन बीजेपी के एक भी नेता के दामन पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है।

24 जनवरी को करें रामलला के दर्शन

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारी सरकार ने सांस्कृतिक विरासत को बचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पुरानी विरासतों को भव्य स्वरूप देने का काम भी भाजपा सरकार ने किया है। राम मंदिर के बारे में भी घोषणा पत्र में कहा था। बहुमत मिलने के बाद अयोध्या की धरती पर भव्य मंदिर बनाएंगे। अब वह दिन आ गया है। 24 जनवरी के बाद शीश झुकाकर राम लाल का दर्शन कर सकते हैं। प्राचीन मंदिर बहुत ऐसे हैं। उन सांस्कृतिक विरासतों को भव्य रूप देने का काम मोदी सरकार ने किया है। बद्रीनाथ, केदारनाथ, महाकाल मंदिर जहां भी चले जाए। वहां पर बदला हुआ स्वरूप मिलेगा।